नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। एनआईसी सभागार में आज जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित 25 विभिन्न प्रकरणों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें तथा शासन एवं सड़क सुरक्षा परिषद द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन करें। उन्होंने दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध एवं मानक के विरूद्ध लगाये गये यूनिपोलों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई करने तथा अगली बैठक में अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान सक्षम/नोडल अधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए भविष्य में पूर्ण तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को चिन्हित स्थानों पर विद्युत पोलों की शीघ्र शिफ्टिंग कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता के लिए आवश्यक सूचना एवं बैनर प्रदर्शित कराए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, साथ ही सडक मार्गों पर बने अवैध कटों को बंद कराने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार, यातायात प्रबंधन कंजेशन प्वाइंट्स पर जाम की समस्या के समाधान, सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा तथा प्रवर्तन कार्यवाहियों की प्रगति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राजेश कुमार श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सत्येन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment