नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज द्वारा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य, भावनात्मक एवं यादगार विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और भावनाओं से ओत-प्रोत इस समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और विदा ले रहे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जयश्री एवं वैष्णवी द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बना दिया। इसके पश्चात फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज के डीन डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. सरताज अहमद, डॉ. मोनिका मल्होत्रा एवं डॉ. मनोज त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। विभागाध्यक्ष प्रो. तारक नाथ प्रसाद ने अपने आशीर्वचन में कहा कि शिक्षा केवल डिग्री अर्जित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके सफल एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।
समारोह के अंत में विभाग की समन्वयक डॉ. किरन रानी पंवार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन, विभागाध्यक्ष, सभी शिक्षकों, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सफल आयोजन का श्रेय सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना को जाता है।
उत्साह, भावनाओं और मधुर स्मृतियों से परिपूर्ण इस विदाई समारोह ने विद्यार्थियों के हृदय में अविस्मरणीय छाप छोड़ी। यह आयोजन न केवल उनके शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बना, बल्कि ऐसी सुखद यादें भी दे गया जो उनके साथ जीवनभर बनी रहेंगी।



No comments:
Post a Comment