नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। लिसाड़ी गेट के समर गार्डन इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक विवाहिता की मौत के 31 दिन बाद, पुलिस ने प्रशासनिक अनुमति से उसका शव कब्र से बाहर निकलवाया है। मृतका हिना की शादी छह साल पहले समर गार्डन निवासी सुऐब के साथ हुई थी।
हिना के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बाइक, सोने की चेन और डबल बेड जैसी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मौत से एक दिन पहले, 8 मई को हिना ने रोते हुए अपनी मां को फोन पर यह डर भी जताया था कि मांग पूरी न होने पर ससुराल वाले उसे जान से मार सकते हैं। इसके अगले ही दिन 9 मई को ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी कि हिना की हार्ट अटैक से मौत हो गई है, और पुलिस को बिना कोई सूचना दिए जल्दबाजी में शव को दफना दिया।
जब मायके वाले वहां पहुंचे तो काफी दबाव बनाने के बाद उन्हें शव देखने दिया गया। परिजनों का दावा है कि हिना के गले पर नीले निशान, सीने पर खरोंच और चोट के निशान थे, साथ ही कमरे के पंखे की पंखुड़ियां भी मुड़ी हुई थीं, जिससे उन्हें गला दबाकर हत्या किए जाने का पूरा शक हुआ।
स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर मृतका के माता-पिता ने जिलाधिकारी और एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कदम उठाते हुए पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभिषेक पटेल के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ हो पाएगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment