Breaking

Your Ads Here

Thursday, June 18, 2026

चलती कार 120 में लगी आग: बोनट से निकला धुआं, फ्लाईओवर पर मची अफरा-तफरी; दमकल ने पाया काबू

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। भंवरकुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर चलती कार 120 में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना अटल बिहारी कॉलेज के पास स्थित फ्लाईओवर की है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए फ्लाईओवर के एक हिस्से का यातायात भी रोकना पड़ा।


फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार घटना करीब दोपहर 12:30 बजे की है। धर्मेंद्र गोयल की कार फ्लाईओवर से गुजर रही थी, तभी अचानक उसके बोनट से धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर चालक ने तत्काल वाहन रोककर खुद बाहर निकले। 


कार से लपटें निकलने लगीं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में आग ने कार के अगले हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और वाहन धू-धू कर जलने लगा।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। आग बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।


फ्लाईओवर पर जाम भी लग गया

घटना की जानकारी मिलते ही भंवरकुआ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से फ्लाईओवर के एक तरफ का यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया गया, जिससे क्षेत्र में हल्का जाम भी लग गया। आग पर काबू पाने के बाद यातायात को पुनः सुचारु किया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण वाहन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here