नित्य संदेश, इंदौर। देश में स्वच्छता के मामले में लगातार आठ बार अव्वल रहने वाले इंदौर में बारिश के बाद जलभराव की समस्या एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एमआर-10 लिंक रोड पर घुटनों तक भरे पानी के बीच एक बारात निकलती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार 24 जून का है, जब इंदौर में तेज बारिश हुई थी।
बारिश के बाद सड़क पर इतना पानी भर गया कि दूल्हे को घोड़े पर बैठकर जलमग्न मार्ग से गुजरना पड़ा। वहीं बाराती भी पानी में नाचते-गाते और उछल-कूद करते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
वीडियो में कई लोग जलभराव को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं। सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होने से क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था और वर्षा जल निकासी तंत्र की स्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि स्वच्छता में नंबर-1 बनने के साथ-साथ शहर को जल निकासी व्यवस्था में भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

No comments:
Post a Comment