Breaking

Your Ads Here

Thursday, May 14, 2026

रंगों, रचनात्मकता और भावनाओं से सजा विदाई समारोह : सुभारती विश्वविद्यालय में छात्रों को दी गई भावभीनी विदाई


नित्य संदेश, मेरठ।  स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के नंदलाल बोस सुभारती कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन द्वारा वर्ष 2026 के स्नातक विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में कला, फैशन एवं रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, उत्साह और भावनात्मक पलों के साथ अपने कॉलेज जीवन की यादों को संजोया। समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। 


इस अवसर पर फाइन आर्ट्स संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा, परफॉर्मिंग आर्ट्स विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) भावना ग्रोवर, फैशन डिजाइन विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह, एनिमेशन विभागाध्यक्ष डॉ. विधि खंडेलवाल, फाइन आर्ट्स विभाग के सहायक प्रोफेसर श्री लकी त्यागी तथा सुश्री अनीशा आनंद सहित अनेक सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए जीवन में निरंतर सृजनात्मकता और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


कार्यक्रम का संचालन अत्यंत प्रभावशाली एवं आकर्षक ढंग से यीशा राव द्वारा किया गया, जिसकी सभी उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने सराहना की। वहीं आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान के लिए श्री लकी त्यागी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। विदाई समारोह का सबसे आकर्षक क्षण वह रहा, जब विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित खिताबों से सम्मानित किया गया। स्नातक वर्ग में श्री वंश शर्मा को मिस्टर फेयरवेल यूजीतथा मिस अनुष्का वशिष्ठ को मिस फेयरवेल यूजीका खिताब प्रदान किया गया। वहीं स्नातकोत्तर वर्ग में श्री सुमित को मिस्टर फेयरवेल पीजी और सुश्री तरुशी चौहान को मिस फेयरवेल पीजी चुना गया। विजेताओं के नामों की घोषणा होते ही सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।



इसके अतिरिक्त कॉलेज प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बेस्ट स्टूडेंटसम्मान से भी नवाजा गया। परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग से रिया, एनिमेशन विभाग से अंकुश, फैशन विभाग से मिताली तथा फाइन आर्ट्स विभाग से तरुशी को उनकी प्रतिभा, अनुशासन एवं रचनात्मक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले डॉ. अंशु श्रीवास्तव, श्रद्धा यादव, डॉ. आशीष मिश्रा, लक्ष्य कुमार, लक्ष्य खन्ना, अक्षय कुमार तथा अभिषेक मिश्रा के सहयोग की भी सराहना की गई और उन्हें हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।  पूरे समारोह के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह, भावुकता और भविष्य के सपनों की चमक स्पष्ट दिखाई दी। 



यह आयोजन केवल एक विदाई समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों, रचनात्मकता और उनके सुनहरे भविष्य के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बन गया। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय कला, फैशन डिजाइन एवं एनिमेशन के क्षेत्र में प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here