Breaking

Your Ads Here

Thursday, May 7, 2026

अजराड़ा में दबंगों का तांडव : होमगार्ड के घर पर हमला, पथराव और फायरिंग से दहला गांव


पुरानी रंजिश में दर्जनों युवकों का हमला, पुलिस के सामने भी जारी रही दबंगई, हालात संभालने को बुलानी पड़ी पीएसी


नित्य संदेश ब्यूरो
मुंडाली। थाना क्षेत्र के गांव अजराड़ा में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी और दहशत फैल गई, जब पुरानी रंजिश के चलते दबंग युवकों ने एक होमगार्ड के घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था जब उसकी नीव रखी जा रही थी इस दौरान बराबर में बने आरोपियों के मकान का पानी उसकी नीव में आ रहा था जिसको रोकने के लिए मिस्त्री ने ईंट व सीमेंट लगा दिया जिससे आक्रोशित आरोपियों ने पहले मारपीट शुरू कर दी जिसका ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दिया, जिसके बाद दोबारा से आरोपियों ने होमगार्ड दिलशाद के घर हथियारों से लैस दर्जनों युवकों ने जमकर पथराव किया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे गांव में भय का माहौल पैदा कर दिया। 

घटना के बाद महिलाएं और बच्चे सहम गए, जबकि ग्रामीणों ने खुद को घरों में कैद कर लिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार गांव निवासी होमगार्ड दिलशाद अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कलम पुत्र इलियास, इमदाद पुत्र खुर्शीद, अबूबकर पुत्र कलाम, अबूजर पुत्र सलाम, माजिद पुत्र वाहिद तथा हम्माद व कासिद पुत्र इमदाद समेत दर्जनों युवक लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और अवैध तमंचों के साथ उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने घर को चारों ओर से घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते पथराव व फायरिंग शुरू कर दी। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक हुई फायरिंग से पूरे गांव में भगदड़ मच गई। महिलाएं और बच्चे चीख-पुकार करने लगे, जबकि आसपास के लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। ग्रामीणों का कहना है कि हमलावर इतने बेखौफ थे कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी लगातार हंगामा करते रहे और खुलेआम दबंगई दिखाते रहे। हालात बिगड़ते देख थाना पुलिस को अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी बुलानी पड़ी, जिसके बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से कुछ दबंग तत्वों का आतंक बना हुआ है और आए दिन लोगों को धमकाने तथा विवाद करने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो घटना किसी बड़े खूनी संघर्ष का रूप ले सकती थी। 

बताया गया है कि इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर उक्त होमगार्ड पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस पर तहरीर बदलकर आरोपियों को राहत देने का आरोप भी लगाया था। हालांकि घटना के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर भी गांव में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले की आड़ में गांव के दर्जनों बेगुनाह लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनका न तो उक्त मोहल्ले से कोई संबंध है और न ही घटना से कोई लेना-देना। 

ग्रामीणों का कहना है कि निर्दोष लोगों को परेशान किए जाने से गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा बेगुनाह लोगों को रिहा किए जाने की मांग की है। वहीं थानाध्यक्ष मुंडाली देवेन्द्र मिश्र का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं आई है मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here