नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। नगर निगम द्वारा रानी सती गेट के सामने नई पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन दो परिवारों द्वारा टंकी निर्माण पर आपत्ति लेते हुए स्टे ले लिया गया। इस मामले को लेकर कई क्षेत्रों के रहवासी, विधायक और क्षेत्रीय पार्षद के साथ आपत्तिकर्ताओं से चर्चा करने पूर्व में भी पहुंचे थे। लेकिन उन परिवारों की हठ के कारण जनता परेशान हो रही है क्योंकि यशवंत क्लब टंकी पर अत्यधिक दबाव होने और जनसंख्या ज्यादा हो जाने के कारण नर्मदा का पानी मिलना असंभव हो गया है; बड़ी मुश्किल से 15 से 20 मिनट नल चलते हैं।
जनसंख्या का दबाव और पानी का संकट
नगर निगम द्वारा यशवंत क्लब पानी की टंकी से दर्जनों क्षेत्रों में पानी सप्लाई किया जाता है, लेकिन जनसंख्या अत्यधिक हो जाने और क्षेत्र में कई मल्टीयाँ (बहुमंजिला इमारतें) बनने के कारण एक और टंकी की आवश्यकता क्षेत्र में थी। इसी के चलते रानी सती गेट के सामने वाली गली में टंकी के लिए नया स्थान ढूंढा गया और वहां टंकी निर्माण कार्य डेढ़ माह पहले शुरू कराया गया।
इसी बीच वहां समीप रहने वाले दो से तीन रहवासियों ने टंकी निर्माण को लेकर आपत्ति दर्ज कराते हुए न्यायालय से इस मामले में स्टे ले लिया, जिसके चलते वहां टंकी का काम बंद हो गया।
तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे रहवासी
आज सुबह कई बस्तियों के रहवासी बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए। लोगों का कहना था कि टंकी निर्माण नहीं होने के कारण उन्हें पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिस प्रकार इस बार अत्यधिक गर्मी और जलस्तर नीचे गिरने के कारण वार्ड की जनता परेशान हो रही है, ऐसे में अगली गर्मी में नर्मदा पानी का संकट और भयानक रूप ले लेगा।
जनता के साथ मौके पर क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया और एमआईसी मेंबर नंदकिशोर पहाड़िया पहुंचे। उन्होंने सबकी बात सुनी और दोनों परिवारों के सदस्यों से चर्चा करने पहुंचे थे, लेकिन विभिन्न कारणों के चलते चर्चा नहीं हो पाई। रहवासी शांतिपूर्ण तरीके से हाथ जोड़कर, हाथों में तख्तियां लेकर "पानी दो पानी दो, टंकी निर्माण होने दो" के नारों के साथ चर्चा करने पहुंचे थे, जिनमें बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, बुजुर्ग और बच्चे शामिल थे।
अवैध निर्माण की शिकायत और भूख हड़ताल की चेतावनी
वहीं रहवासियों का आरोप है कि टंकी निर्माण में अड़ंगा डालने वालों का खुद का मकान नियमानुसार नहीं बना है और उसका कई हिस्सा अवैध है। इसकी शिकायत रहवासियों ने नगर निगम में भी की है और जनप्रतिनिधियों को भी इससे अवगत करवाया है।
जनता की मांग: "जो हमारे दैनिक जीवन की पानी की सुविधा में अड़ंगा डाल रहे हैं और लोगों को गुमराह करके कोर्ट से स्टे ले आए हैं, उनके खिलाफ जनहित में अगर जल्द ही कोई निर्णय नहीं लिया गया, तो रहवासी संघ उन्हीं के घर के सामने परिवार सहित भूख हड़ताल पर बैठेगा।"
पूरा क्षेत्र पानी को तरस रहा है और दो परिवार सिर्फ अपनी जिद के कारण करीब 15,000 लोगों को पानी से वंचित कर रहे हैं। इस टंकी निर्माण से कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुचारू हो जाएगी, अन्यथा आने वाला समय बेहद संकटपूर्ण हो जाएगा।





No comments:
Post a Comment