Breaking

Your Ads Here

Tuesday, May 26, 2026

इंदौर राजवाड़ा पर सैकड़ो नागरिकों की गूंज ....महापौर पानी दो या इस्तीफा दो

—राजवाड़ा से नगर निगम तक किया नागरिकों ने मार्च 

—निगम पर जाकर सांकेतिक रूप से खाली मटका फोड़ा

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। शहर के सैकड़ो नागरिकों ने राजवाड़ा पर एकत्र होकर आज महापौर पानी दो या इस्तीफा दो का नारा लगाया। शहर के सभी 85 वार्ड से जल संकट से पीड़ित सैकड़ो नागरिक राजवाड़ा पर एकत्र हुए। इस मौके पर अपने संबोधन में कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि 27 साल में नगर निगम की भाजपा की परिषद शहर को पर्याप्त पानी भी नहीं दे सकी। राजवाड़ा से सैकड़ो नागरिक नगर निगम तक मार्च किया और निगम के मुख्यालय पर जाकर सांकेतिक रूप से खाली मटके फोड़े। 


इंदौर में लगातार गहराते जल संकट को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने राजबाड़ा पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता, कार्यकर्ता, महिलाएं और अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे रहवासी शामिल हुए। राजबाड़ा “पानी दो”, “महापौर इस्तीफा दो” और “महापौर मुर्दाबाद” के नारों से गूंज उठा।


प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं राजबाड़ा और आसपास की इमारतों की छतों से भी पुलिस निगरानी करती रही।


शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि पानी के संकट से पीड़ित शहर की जनता के दर्द को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के द्वारा आज राजवाड़ा जनता चौक पर धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए शहर के सभी 85 वार्ड से बड़ी संख्या में जल संकट से पीड़ित नागरिक राजवाड़ा पर पहुंचे।


प्रदर्शन में शामिल लोगों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए पानी की बौछार की गई, वहीं प्रदर्शनकारी “पानी दो” के नारे लगाते रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शहर की कई कॉलोनियों, बस्तियों और मोहल्लों में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। टैंकरों से भी जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।


बैनर और तख्तियां लेकर राजबाड़ा पहुंचीं महिलाएं

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाएं हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर राजबाड़ा पहुंचीं और पानी की समस्या को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नगर निगम और महापौर के खिलाफ नारेबाजी भी की।

राजवाड़ा पर नागरिकों की भारी भीड़ हो गई थी। नागरिकों ने बार-बार महापौर पानी दो या इस्तीफा दो का नारा लगाया। राजवाड़ा पर पेयजल संकट से पीड़ित इन नागरिकों को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यनारायण पटेल पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और बाला बच्चन तथा मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने संबोधित किया।


राजवाड़ा पर बड़ी देर तक पानी के दर्द को एक दूसरे के साथ सांझा करने के बाद नागरिकों ने राजवाड़ा से नगर निगम तक पैदल मार्च किया। महापौर से पानी और स्थिति की मांग के नारे लगाते हुए नागरिक नगर निगम तक पहुंचे। निगम पर जाकर इन नागरिकों के द्वारा अपने नारे को गूंजाते हुए सांकेतिक रूप से खाली मटके फोड़े गए। 


शहर की जनता को दिया जहरीला पानी.... 

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजवाड़ा पर जल संकट से पीड़ित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि इंदौर नगर निगम में इंदौर शहर के नागरिकों को जहरीला पानी पिला दिया। इसके परिणाम स्वरुप भागीरथपुरा में 36 लोगों की मौत हो गई। पानी उपलब्ध कराना नगर निगम की मूलभूत जिम्मेदारी है। निगम ने पानी नहीं देकर नागरिकों के साथ खिलवाड किया है। 


महापौर एक्सीडेंटल है.... 

 

पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि इंदौर के महापौर एक्सीडेंटल है। पुणे जनता की समस्याओं और उन समस्याओं के समाधान का कोई ज्ञान नहीं है। उनके कार्यकाल में पहली बार इंदौर शहर की जनता पानी के लिए इतना तरस रही है। 


क्या बहनों को पैसे टैंकर से पानी लेने के लिए दिए.... 

पूर्व मंत्री वाला बच्चन ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा लाडली बहन योजना के अंतर्गत बहनों को 1500 रुपए प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। इस पानी के संकट के दौर में इन महिलाओं को पानी का टैंकर खरीदने पर एक बार में 1500 रुपए देना पड़ रहे हैं। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि पानी के संकट से सबसे ज्यादा परेशान महिलाएं हैं। भाजपा की सरकार और निगम की परीक्षा में सभी महिलाओं को घर से निकाल कर सड़क पर ला दिया है। 


निगम का गेट बंद होते ही भड़के कांग्रेसी, पुलिस से धक्का-मुक्की के बीच फोड़े मटके

कांग्रेस के नगर निगम कार्यालय पहुंचने से पहले ही वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और मुख्य गेट बंद कर दिया गया। नगर निगम का गेट बंद देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। इस दौरान मटके फोड़ने को लेकर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच भारीधक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बन गई। विरोध के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई मटके फोड़े और बाद में एक मटका बैरिकेड्स के पार नगर निगम के गेट की ओर फेंक दिया।


इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंडित कृपा शंकर शुक्ला, के के मिश्रा, राजेश चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, दीपू यादव, पार्षद राजू भदौरिया, पिंटू जोशी, शैलेश गर्ग, अमन बजाज, राधेश्याम पटेल, दिनेश मल्हार, पार्षद अनवर दस्तक, सेफू वर्मा, सीमा सोलंकी,  सौनीला मिनरोट, यशस्वी पटेल, अनसाफ़ अंसारी, रफ़ीक ख़ान, सुदामा चौधरी, विनय बाकलीवाल, यूका अध्यक्ष अमित पटेल, राजा चौकसे, लोकेश हरड़िया, श्याम सुंदर यादव, रीता डागरे, आकाश वर्मा, समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा संगठन के अध्यक्ष वार्ड अध्यक्ष अन्य नेता मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here