Breaking

Your Ads Here

Wednesday, May 27, 2026

भाजपा नेता अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा मुजफ्फरनगर में सराफा व्यापारी प्रदीप कुमार मित्तल के परिवार के साथ हुई हृदय विदारक एवं जघन्य गोलीकांड की घटना के उपरांत पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तथा बाद में मेरठ स्थित तेजगढ़ी चौराहा विवान हॉस्पिटल पहुंचकर गोलीकांड में घायल सर्राफा व्यापारी प्रदीप मित्तल की पत्नी, उनके छोटे भाई की पत्नी एवं पुत्रवधू का हालचाल जाना। 


इस दौरान श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल भी साथ मौजूद रहे। श्री शारदा ने चिकित्सकों से वार्ता कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को कहा। पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद विनीत शारदा ने मुजफ्फरनगर के एसएसपी से फोन पर वार्ता कर संजय वर्मा से सख्त लहजे में कहा कि केवल अपराधियों की गिरफ्तारी काफी नहीं है बल्कि उन पर ऐसी कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए कि आने वाली सात पुश्तें भी ऐसा अपराध करने से कांप उठें। उन्होंने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने वालों, पैरोकारी करने वालों एवं उनके सहयोगियों पर भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। श्री शारदा ने कहा कि घर में घुसकर महिलाओं को गोली मारने जैसी जघन्य घटना ने पूरे व्यापारी समाज को झकझोर दिया है पूरा परिवार भयभीत हे घबराया हुया हे और ऐसे अपराधियों के लिए किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। 

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है, जिसमें व्यापारी समाज भय और अपराध के आगे झुकने वाला नहीं है तथा व्यापारियों की सुरक्षा एवं सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून का ऐसा कठोर संदेश अपराधियों तक पहुंचना चाहिए कि अपराध करने से पहले उनकी रूह कांप उठे। श्री शारदा ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी एवं पूरा व्यापारी समाज इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ा है और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here