“नियमित स्वास्थ्य जांच है, स्वस्थ जीवन की कुंजी” - डॉ. संचित प्रधान
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के ज्योतिराव फुले सुभारती कॉलेज ऑफ फिजियोथैरेपी द्वारा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण (नॉन-टीचिंग) स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम का आयोजन कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. (डॉ) अमित कुमार गोयल एवं विश्वविद्यालय पर्यावरण समिति के अध्यक्ष डॉ. मुकेश राहुल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संचित प्रधान ने नियमित स्वास्थ्य जांच, निवारक स्वास्थ्य देखभाल तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी साझा की। अपने संबोधन में डॉ. संचित प्रधान ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से विभिन्न बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उनके प्रभावी उपचार एवं रोकथाम में सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक हो गई है। व्याख्यान के दौरान शारीरिक फिटनेस, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवन के प्रमुख आधार बताया गया। साथ ही प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में छोटी-छोटी स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अमित कुमार गोयल ने अपने प्रेरणादायी संदेश में कहा कि “स्वस्थ शरीर ही सफल एवं सकारात्मक जीवन की आधारशिला है। नियमित स्वास्थ्य जांच न केवल बीमारियों की रोकथाम में सहायक होती है, बल्कि यह व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य भी करती है। हमें अपने व्यस्त जीवन में स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।”
कार्यक्रम में कुल 50 शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। संवादात्मक सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार पूर्वक उत्तर दिया गया। इस सत्र ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक बनने तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली के सकारात्मक संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


No comments:
Post a Comment