नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर आज शोभित विश्वविद्यालय की एनसीसी इकाई तथा 70 यू पी बटालियन एनसीसी मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं एनसीसी कैडेट्स में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं देश सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ताओं के रूप में डॉ. ऋषि यादव, डॉ. मोहित किशोर भटनागर, डॉ. अनीता राठौर, डॉ. पल्लवी जैन, डॉ निहारिका पिलानिया एवं लेफ्टिनेंट (डॉ.) कुलदीप कुमार ने अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने ऑपरेशन सिंदूर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से देशहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और एनसीसी जैसे संगठन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं देशभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। संगोष्ठी के माध्यम से कैडेट्स को राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित किया गया तथा उन्हें देश की सुरक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने अत्यंत गर्व, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति के उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने तथा सदैव देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment