![]() |
| पटाखा दुकान में आग |
नित्य संदेश, इंदौर। नायता मुंडला के समीप एक पटाखा दुकान (गोडाउन) में मंगलवार शाम को अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आने से जल गई, वहीं दो पहिया वाहन भी जलने की जानकारी सामने आ रही है। घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और वक्त रहते आग पर काबू पा लिया गया।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक, घटना नायता मुंडला इलाके में एक पटाखा दुकान में आग लगने की सूचना 5:55 बजे पर मिली थी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तत्काल रवाना हुई। जिसके बाद वहां पहुंचकर आग बुझाने की कवायद शुरू की गई।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यहां बिल्डिंग में नीचे पटाखा दुकान है, जहां माल भरा हुआ था। दुकान के ऊपर जिम भी है। दुकान में मंगलवार शाम करीब 5.40 बजे आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
![]() |
| आग लगने की वजह से कार भी जलकर खाक हो गई |
यहां पर खड़ी कार भी जल गई। पास में ही एक आयशर भी खड़ा था, जिसे लोगों और एक दूसरी गाड़ी की मदद से खिंचा और आग से दूर किया गया। बताया जा रहा है कि यहां पर टू व्हीलर भी जले हैं। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग के कारण काफी धुआं हो गया था, पटाखे भी फूट रहे थे। आग की लपटे ऊपर जिम तक पहुंच गई थी।
पटाखे फूटते रहे, काला धुआं उठता रहा....
आग की वजह से पटाखे भी फूट रहे थे, रॉकेट भी यहां-वहां जा रहे थे। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, वहीं ये बात सामने आ रही है कि यहां पर रॉकेट चलाकर दिखाया जा रहा था, जो दुकान में चला गया था, जिससे ये घटना हुई। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।.... घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को घटना स्थल से दूर कर दिया। इधर, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची और पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि तीन इमली के पास नेमावर रोड पर जाम लगने के कारण फायर ब्रिगेड भी लेट हो गई थी। आग लगने के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।


No comments:
Post a Comment