Breaking

Your Ads Here

Friday, May 22, 2026

​सड़क चौड़ीकरण के लिए निगम की कार्रवाई

छावनी क्षेत्र से हटाया जा रहा अतिक्रमण, जेसीबी-पोकलेन तोड़ रही मकानों का बाधक हिस्सा

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर।​ छावनी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर शुक्रवार सुबह नगर निगम का अमला भारी पुलिस बल के साथ मैदान में उतर गया। निगम द्वारा बाधक मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस प्रशासन की टीम भी मौजूद रही।

सुबह से ही निगम का रिमूवल अमला क्षेत्र में तैनात हो गया था। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। कई मकानों और निर्माणों को मशीनों की मदद से हटाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई दोपहर तक जारी रह सकती है।

​60 फीट तक चौड़ी होगी सड़क...


​नगर निगम ने कार्रवाई से पहले क्षेत्र के निवासियों को नोटिस देकर जानकारी दे दी थी। इसके बाद शुक्रवार को तय योजना के तहत कार्रवाई शुरू की गई। बताया जा रहा है कि सड़क को पहले 80 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद फिलहाल इसे 60 फीट तक चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है।

​महापौर ने भी की थी रहवासियों से बात...


गौरतलब है कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर कुछ दिन पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे थे। उन्होंने स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया था। फिलहाल नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। महापौर बोले—अतिक्रमण हटाने पर्याप्त समय दिया गया।


छावनी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है, जहां मास्टर प्लान की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध में पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर के विकास और मास्टर प्लान की दृष्टि से ये सड़कें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।


महापौर ने कहा कि लोगों को पर्याप्त समय और नोटिस देने के बाद भी सड़क के बीच बने अवैध निर्माण और बाधाओं को नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन द्वारा अब उन्हें हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान की सड़कों का समय पर निर्माण सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here