Breaking

Your Ads Here

Friday, May 22, 2026

जेएनयू के आधुनिक पुस्तकालय तंत्र से रूबरू हुए सुभारती के विद्यार्थी

शैक्षणिक भ्रमण में डिजिटल संसाधनों, ई-लाइब्रेरी और आधुनिक सूचना तकनीकों की मिली व्यवहारिक जानकारी

नित्य संदेश ब्यूरो

 मेरठ। स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी साइंस विभाग द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से बी.लिब एवं एम.लिब विद्यार्थियों के लिए जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। 


विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर त्यागी के निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को आधुनिक पुस्तकालय प्रणाली, डिजिटल संसाधनों और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जेएनयू के केन्द्रीय पुस्तकालय का विस्तृत अवलोकन किया, जहां उन्होंने डिजिटल संसाधन केन्द्र, विभिन्न अध्ययन अनुभागों तथा अत्याधुनिक पुस्तकालय सेवाओं को नजदीक से देखा और समझा। विद्यार्थियों को ई-रिसोर्सेज, ऑनलाइन डेटाबेस, पुस्तकालय ऑटोमेशन, आरएफआईडी तकनीक, डिजिटल रिपॉजिटरी, वर्गीकरण एवं सूचीकरण प्रणाली तथा शोधार्थियों को प्रदान की जाने वाली आधुनिक सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।



इस शैक्षणिक भ्रमण का संचालन असिस्टेंट लाइब्रेरियन वीरेश्वर द्वारा किया गया। वहीं विद्यार्थियों को पुस्तकालयों की कार्यप्रणाली और प्रबंधन प्रणाली से अवगत कराने में उपपुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. मनोरमा त्रिपाठी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय प्रबंधन, सूचना सेवाओं तथा डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। दोनों विशेषज्ञों ने पुस्तकालय की विभिन्न सेवाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा आधुनिक पुस्तकालय प्रणाली की उपयोगिता को विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र पुस्तकालय में दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विशेष सहायता अनुभाग तथा साइबर लाइब्रेरी रहे। इन सुविधाओं को देखकर विद्यार्थियों ने आधुनिक पुस्तकालयों की समावेशी एवं तकनीक-संपन्न व्यवस्था की सराहना की और संबंधित जानकारियों को जानने में विशेष रुचि दिखाई।


इस सफल शैक्षणिक भ्रमण में विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर त्यागी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक विश्वविद्यालय पुस्तकालयों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, डिजिटल लाइब्रेरी एवं ई-संसाधनों के उपयोग की व्यवहारिक जानकारी देना, पुस्तकालय ऑटोमेशन तथा सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं को समझाना, शोध एवं सूचना खोज कौशल विकसित करना तथा पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के व्यावसायिक और व्यवहारिक पक्ष को मजबूत बनाना था। 



भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित कर आधुनिक पुस्तकालय सेवाओं के संचालन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं को भी समझा। सभी विद्यार्थियों ने इस अनुभव को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताते हुए आधुनिक तकनीकों और सूचना सेवाओं के प्रति गहरी रुचि व्यक्त की।


इस अवसर पर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. जावेद खान, डॉ. सपना शर्मा, डॉ. अल्पना तथा श्रीमती भावना सहित विभाग के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और आधुनिक पुस्तकालय तकनीकों को समझने में विशेष दिलचस्पी दिखाई। 



No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here