नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जनगणना 2027 की तैयारियों के क्रम में जनपद में संचालित हाउस लिस्टिंग/मकान सूचीकरण कार्य के अंतर्गत आज जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डा० वी०के० सिंह के आवास का हाउस लिस्टिंग/मकान सूचीकरण कार्य प्रगणक द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा अपनी SE ID प्रगणक को उपलब्ध कराई गई तथा प्रगणक द्वारा समस्त सूचनाओं का HLO App के माध्यम से सत्यापन करते हुए उन्हें संकलित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा कार्य में लगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का स्वागत जलपान कराकर किया गया। साथ ही उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं शहीद स्मारक का स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है तथा इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं नीति निर्माण का आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि सही एवं तथ्यात्मक आंकड़े देश और समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब भी प्रगणक अथवा जनगणना अधिकारी उनके घरों पर जानकारी एकत्र करने हेतु आएं, तो उनका सहयोगपूर्वक स्वागत करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना कार्य पारदर्शिता एवं सफलता के साथ संपन्न कराया जा सके। जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की सराहना करते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि सभी कार्मिक पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनगणना 2027 को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

No comments:
Post a Comment