अनम शेरवानी
नित्य संदेश, बागपत।
इंडियन यूथ कांग्रेस द्वारा जनपद बाग़पत के ग्राम पूट्ठी निवासी मोहम्मद अली के पुत्र मो0 साद खान को यूथ कांग्रेस बाग़पत का ज़िला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से पार्टी आलाकमान द्वारा लागू की गई है। नियुक्ति की घोषणा के बाद जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मो0 साद खान को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
मो0 साद खान ने इंडियन यूथ कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रभारी विशाल चौधरी एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पारस शुक्ला का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता श्री राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा की विचारधारा और संघर्ष के मार्ग पर चलते हुए युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य करेंगे।
मो0 साद खान ने कहा कि यूथ कांग्रेस हमेशा युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और वह भी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ जनता की समस्याओं को उठाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, इंचार्ज मनीष शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप नरवाल, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश महासचिव नवाब अहमद हमीद तथा अविनाश काजला ने मो0 साद खान को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

No comments:
Post a Comment