नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय मेरठ की प्रसिद्ध संस्था 'खालसा हेल्प फाउंडेशन' के कार्यों की गूँज अब प्रदेश की राजधानी तक पहुँच गई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संस्था द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों से प्रभावित होकर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरप्रीत मान और उनकी टीम को दिल्ली स्थित अपने आवास पर आमंत्रित किया।
संस्था ने पगड़ी पहनाकर किया स्वागत
मुलाकात के दौरान संस्था के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष हरप्रीत मान ने अखिलेश यादव को पारंपरिक सिख मर्यादा के अनुसार पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हरप्रीत मान ने अखिलेश यादव को संस्था की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों पर आधारित एक पत्रिका भी भेंट की, जिस पर विस्तार से चर्चा हुई।
अखिलेश यादव ने की प्रशंसा
संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "मैं आपके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों से पहले से ही अवगत हूँ। आप और आपकी टीम समाज के वंचित वर्गों के लिए अत्यंत सराहनीय कार्य कर रही है।" उन्होंने विशेष रूप से सिख समाज द्वारा मानवता की सेवा में दिए जाने वाले निस्वार्थ योगदान की प्रशंसा की।
फाउंडेशन ने जताया आभार
इस गौरवपूर्ण सम्मान के मिलने पर हरप्रीत मान ने कहा कि अखिलेश यादव के उत्साहवर्धन से पूरी टीम में नया जोश भरा है। खालसा हेल्प फाउंडेशन उनके स्नेह और सम्मान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता है। संस्था भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ समाज सेवा के संकल्प को जारी रखेगी।
No comments:
Post a Comment