Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 29, 2026

'बौर' ने मार्च में ही बता दिया था कि 'बौराएगा' आम!

 


- इस बार भी फलों के राजा की बंपर फ़सल के आसार

सलीम सिद्दीकी

नित्य संदेश, मेरठ। इस बार तय समय से पहले ही आम के पेड़ों पर आ चुकी बौर की बहार से इस साल आम की बंपर फसल की उम्मीद है। हालांकि अभी भी मार्केट में अच्छी खासी संख्या में आम बिक रहे हैं लेकिन बताया जा रहा है कि आम की यह फसल पुरानी है जो कोल्ड स्टोरेज से निकाल कर बाजारों में भेजी गई है। मेरठ के ग्रामीण क्षेत्रों में मार्च के महीने में ही आम के पेड़ों पर बौर के गुच्छे दिखाई देने लगे थे। 


आम की खेती करने वाले किसानों के अनुसार आम के पेड़ों पर आई बौर की इस बाहर से इस बार भी आम की बंपर फसल की उम्मीद है। इसे लेकर किसान काफी गदगद हैं। किसानों के अनुसार इस बार भी आम के रिकार्ड उत्पादन की उम्मीद है। मवाना, किठौर, सरधना और जानी के किसान बागों में आम की अच्छी फसल होने की संभावना से काफी खुश हैं। पिछले यदि दो-तीन सालों का आंकलन करें तो आम की फसल अच्छी ही रही है। यही सिलसिला इस बार भी देखने को मिलेगा। यदि वर्तमान समय में आंधी और तेज हवाओं का दौर सीमित रहा तथा बौर के अनुरूप ही फसल आई तो लोगों को भरपूर तरीके से आम का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। वैसे अधिकतर आम के पेड़ों पर अब बौर, आम के रूप में विकसित हो रहा है। अभी तक तेज आंधियां भी नहीं चलीं हैं, जिस कारण बौर से आम के रूप में विकसित हो रही अच्छी खासी फसल पेड़ों पर लदी हुई है। इन सब के चलते उम्मीद है कि इस बार भी 'आम' आदमी आम का स्वाद भरपूर तरीके से लेगा। 


उल्लेखनीय है कि मेरठ आम की बड़ी मंडी है और यहां से आम विदेशों तक में निर्यात किया जाता है। इस बार भी आम के बेहतर उत्पादन की आस लगाए बैठे किसान पिछले माह से ही आम के बौर को देख काफी खुश हैं। इस वक्त मौसम भी अच्छा खासा गरम है जो कि आम के लिए काफी मुफीद (लाभदायक) माना जाता है।

 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here