नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बी.एस.के. मॉडल स्कूल, कंकरखेड़ा में 'पृथ्वी दिवस' अपार उत्साह और पर्यावरणीय जागरूकता के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम "हमारी शक्ति, हमारा ग्रह" पर केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने 'पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ', 'प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ' जैसे जोशीले नारों के साथ स्कूल परिसर में रैली निकाली। इसके बाद पोस्टर मेकिंग, कविता पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान तथा वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विजेताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित भी किया गया।
प्रधानाचार्य नीतू सिंह ने अपने संबोधन में कहा, "पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है और इसकी रक्षा हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। बच्चों में कम उम्र से ही पर्यावरण प्रेम और जिम्मेदारी का बीज बोना ही सच्ची शिक्षा का मूल मंत्र है।" उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई। इस सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का अमूल्य योगदान रहा।

No comments:
Post a Comment