नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटू राम इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों का औद्योगिक शैक्षिक भ्रमण उत्तराखंड के रामनगर स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स सेवा एवं प्रशिक्षण केन्द्र (ईएसटीसी) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस शैक्षिक भ्रमण में चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभागाध्यक्ष डॉ. शोभित सक्सेना के नेतृत्व में डॉ. विजय कुमार राम, धर्मेन्द्र कुमार, बृजपाल, गंगा राम, छात्र प्रभारी शनि एवं छात्रा प्रभारी सुमी सिन्हा का विशेष मार्गदर्शन विद्यार्थियों को प्राप्त हुआ। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को ईएसटीसी में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। संस्थान में उपलब्ध अत्याधुनिक मशीनों एवं उपकरणों का प्रदर्शन कर उनकी कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया, जिससे विद्यार्थियों को तकनीकी विषयों की व्यवहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला। विशेष रूप से विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), पीसीबी फैब्रिकेशन तथा एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग जैसी उभरती हुई तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने इन तकनीकों के औद्योगिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान भी किया। इस दौरान विद्यार्थियों में नई तकनीकों को सीखने के प्रति उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर ईएसटीसी, रामनगर के वैज्ञानिक अधिकारी नवज्योति तालुकदार ने कहा कि “आज के दौर में भारत सरकार Digital India, Make in India और Skill India जैसी पहलों के माध्यम से तकनीकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही है। ड्रोन, रोबोटिक्स, IoT, पीसीबी फैब्रिकेशन एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र भविष्य के उद्योगों की रीढ़ बनने जा रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों का इन तकनीकों से व्यावहारिक रूप से जुड़ना बेहद आवश्यक है। हमें विश्वास है कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण छात्रों को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाएंगे, बल्कि उन्हें देश के नवाचार एवं विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए भी प्रेरित करेंगे।”
संस्थान के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. आर.के. सोनी ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक वातावरण से परिचित कराना तथा उनके तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक रूप से सुदृढ़ करना था, जिसमें यह भ्रमण पूर्णतः सफल रहा। भ्रमण के सफल आयोजन में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ. पंकज कुमार एवं पीयूष बत्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभागाध्यक्ष डॉ. शोभित सक्सेना ने कहा कि यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें अपने तकनीकी कौशल को निखारने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने की दिशा में नई ऊर्जा मिली।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment