नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में पुलिस एवं प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला सशक्तीकरण (अनन्ता) का भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नारी शक्ति के सम्मान, प्रतिभा के उत्कर्ष और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, खिलाड़ियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर “हर क्षेत्र में आगे बढ़ती महिलाएं” की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई, जहां महिलाओं की उपलब्धियों को प्रशासनिक स्तर पर विशेष रूप से सराहा गया। इस अवसर पर छात्राओ द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मिशन शक्ति अभियान प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त आधार स्तंभ बन चुका है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। प्रशासन द्वारा मिशन शक्ति के विभिन्न आयामों-जागरूकता, सुरक्षा एवं स्वावलंब पर समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को एक सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मिशन शक्ति कार्यक्रम नारी सशक्तीकरण का एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया है और इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने परिवार स्तर पर लैंगिक भेदभाव समाप्त करने, बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने समानता, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में सीओ सौम्या अस्थाना ने संचालित ऑपरेशन डिकॉय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह अभियान महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में कमी लाने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। घाट ग्राम पंचायत की बालिका पंचायत अध्यक्ष अलीशा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बालिका पंचायत द्वारा उठाए गए मुद्दों तथा महिलाओं एवं बच्चों के प्रति जागरूकता अभियानों की जानकारी दी, जो जमीनी स्तर पर सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा संस्कृति, साहस और सशक्तिकरण की विविध विधाओ में प्रस्तुती दी गई, महिला सशक्तीकरण, लोक कला, संस्कृति एवं विभिन्न भारतीय खेल विधाओ की मनमोहक/सशक्त प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा और महिला शक्ति के बदलते स्वरूप की सराहना की गई।
अंत में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मीडिया, एनजीओ, पुलिस एवं प्रशासनिक आदि क्षेत्रों में कार्यरत एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को महिला शक्ति के प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डा0 वी0के0सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, सीडीओ नूपुर गोयल, एसपी क्राईम अवनीश कुमार, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव, बीएसए आशा चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी, आमजन, महिलाएं, छात्राएं आदि उपस्थित रहे।

.jpeg)


No comments:
Post a Comment