Breaking

Your Ads Here

Friday, April 3, 2026

पत्नी ने सुपारी देकर कराया प्रेमी से कराया था बीएसएफ जवान का मर्डर

 


-पुलिस ने पत्नी, प्रेमी सहित पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार, तमंचा बरामद


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। बीएसएफ के जवान की हत्या उसकी पत्नी ने सुपारी देकर कराई थी। इसमें उसके बॉयफ्रेंड ने साथ दिया था। बॉयफ्रेंड ने अपने 3 दोस्तों को 6 लाख रुपए में जवान की हत्या की सुपारी दी थी। ये रुपए पत्नी ने अपने जेवर बेचकर दिए थे। इसी पैसों से उसने तमंचा भी खरीदा था।


पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि थाना इंचौली क्षेत्रांतर्गत ग्राम धनपुर में 27/28 मार्च की रात्रि बीएसएफ सिपाही नैन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता गरीबदास की तहरीर के आधार पर थाना इंचौली पर मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक तहरीर में पड़ोसियों को नामजद किया गया था, किन्तु घटना रात्रि में होने एवं प्रत्यक्षदर्शी के अभाव में पुलिस द्वारा वैज्ञानिक, निष्पक्ष एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की गई। फॉरेंसिक परीक्षण, तकनीकी अभिसूचना एवं घटनास्थल पुनर्निर्माण के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी गुलशन को मृतक द्वारा उसकी पत्नी से अवैध सम्बन्धों का उलाहना दिया जाता था तथा गाली-गलोंच की जाती थी, जिस कारण इस घटना को सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया। दौराने विवेचना धारा- 61(20), 3(5) की वृद्धि की गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में संलिप्त गुलशन पुत्र राम प्रसाद निवासी पाली थाना सरधना, राहुल उर्फ पवन पुत्र दीपचंद निवासी अतलपुर थाना किठौर, गुड्डू पुत्र क्षेत्रपाल निवासी दतियाना थाना छपार, मुजफ्फरनगर  मोंटू पुत्र राजकुमार निवासी अतलपुर थाना किठौर एवं कोमल पत्नी स्वर्गीय नैन सिंह निवासी धनपुर थाना इंचौली को गिरफ्तार किया गया, अभियुक्तों के कब्जे और निशानदेही से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा मय 01 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा स्वीकार किया गया कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से सो रहे नैन सिंह की गोली मारकर हत्या की थी। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।


14 साल पहले कोमल से हुआ था विवाह

धनपुर गांव में रहने वाले गरीबदास का बेटा नैन सिंह (38) सीमा सुरक्षा बल में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था। 14 साल पहले 2012 में नैन सिंह की शादी कोमल के साथ हुई थी। उसकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी। वह 6 मार्च को छुट्टी पर घर आया था। 2 अप्रैल को उसे ड्यूटी पर वापस जाना था। 27 मार्च को नैन सिंह की पत्नी कोमल अपने दोनों बच्चों रिमी (12), आयुष (7) के साथ फाजलपुर स्थित अपने मायके गई थी। मां विमला मेरठ में अपनी बेटी अंजू के घर थीं। पिता गरीबदास खेत पर गए थे। छोटा भाई प्रदीप मोदीनगर अपने काम पर था। रात में घर में प्रदीप की पत्नी पिंकी और नैन सिंह मौजूद थे। नैन सिंह अपने कमरे में सो रहा था। तभी एक अज्ञात युवक घर में घुसा और उसे गोली मार दी। इससे नैन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। पिता गरीबदास की शिकायत पर इंचोली थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।


कॉल डिटेल खंगाली, तो संदिग्ध नंबर सामने आए

एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया- घरवालों ने पहले पड़ोसी पर हत्या का शक जताया था, क्योंकि नैन सिंह के परिवार का उनसे जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था। पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पता चला कि वारदात के वक्त सभी अपने काम पर गए थे। इसके बाद पुलिस ने अन्य पहलुओं पर जांच शुरू की। एक एंगल पति-पत्नी के बीच मनमुटाव वाला भी था। छानबीन में पता चला था कि नैन सिंह अपनी पत्नी कोमल के साथ मारपीट करता था। वारदात के समय कोमल अपने मायके फाजलपुर में थी। पुलिस ने कोमल की कॉल डिटेल खंगाली, तो कई संदिग्ध नंबर सामने आए। इसके बाद कोमल की वारदात वाले दिन जिस नंबर पर सबसे अधिक बार बात हुई, उसे खोज निकाला।


पुलिस के सामने जुर्म कबूला, बोली- शादी करना चाहते थे

यह नंबर नैन सिंह के मौसी के बेटे गुलशन का था। इसके बाद पुलिस ने गुलशन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गुलशन ने बताया- मेरे कोमल से अवैध संबंध हो गए थे। विरोध नैन सिंह इसका करता था। यही नहीं, जबसे हमारे अफेयर के बारे में नैन सिंह को पता चला था, वह कोमल के साथ मारपीट करने लगा था। एक दिन नैन सिंह पत्नी कोमल को पीट रहा था, तब मैंने बीच-बचाव किया। इसको लेकर हम दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के बाद कोमल अपने मायके आकर रहने लगी थी। गुलशन के बयान के बाद पुलिस ने कोमल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गुलशन और कोमल को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ शुरू की। राज खुलते ही कोमल रोने लगी। उसने बताया कि मेरे गुलशन से संबंध हो गए थे। हम दोनों शादी करना चाह रहे थे। इसी के चलते नैन सिंह सिंह की हत्या की साजिश रची।


मृतक का मौसेरा भाई है हत्यारोपी आशिक

बॉयफ्रेंड बीएसएफ जवान का मौसेरा भाई है। उसके और जवान की पत्नी के बीच अवैध संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन, बीएसफ जवान इसका विरोध कर रहा था। इसके चलते पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर जवान की हत्या की प्लानिंग की। 27 मार्च की देर रात बॉयफ्रेंड ने जवान की हत्या करा दी। पुलिस ने पत्नी कोमल और बॉयफ्रेंड गुलशन समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। इस दौरान कोमल बेहाश होकर जमीन पर गिर पड़ी। मामला इंचौली थाना क्षेत्र का है। यह कार्रवाई स्वॉट देहात एवं थाना इंचौली पुलिस टीम द्वारा किया गया। आरोपी के पास से तमंचा व कारतूस बरामद कर लिया गया है।


पुलिस टीम को मिला 25000 का इनाम

6 दिन के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने पर एसएसपी ने स्वॉट टीम और इंचौली थाना पुलिस को सराहा। उन्होंने मौके पर ही 25 हजार रुपए मंगाए और दोनों टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से टीम ने काम किया, वह सराहनीय है। उन्होंने टीम का नेतृत्व करने वाले सीओ सदर देहात सुधीर सिंह और अंडर ट्रेनी आईपीएस बजरंग प्रसाद की भी सराहना की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here