नित्य संदेश ब्यूरो
भोपाल। जनसंपर्क के क्षेत्र में कंटेंट क्रिएशन बहुत अहम होता है। कंटेट की हर क्षेत्र में मांग है। चाहे समाचार हों या फीचर, आलेख हों या एडवटोरियल, हर किसी के लिए अलग तरह के कंटेट की आवश्यकता होती है। भाषा की विशिष्टता का ध्यान रखना भी आवश्यक है। प्रेस विज्ञप्तियों की भाषा किसी समाचार से अलग होती है। इसलिए जनसंपर्क के क्षेत्र में काम करने वाले अधिकारियों को भाषा पर भी विशेष कार्य करना चाहिए।
ये बातें जनसंपर्क विभाग के आयुक्त श्री मनीष सिंह ने कही। वे एमसीयू में जनसंपर्क अधिकारियो का दो दिवसीय प्रशिक्षण के समापन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के सभी जिला कार्यालयों में ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर पर कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इसके साथ ही वित्तीय प्रबंधन बेहतर ढंग से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को किस तरह बेहतर ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सकता है इस दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।
“जनसंपर्क के लिए लेखन कौशल बेहतर होना जरूरी”: कुलगुरुइस अवसर पर सत्र में विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि जनसंपर्क के क्षेत्र में लेखन कार्य बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अधिकारियों को लेखन में रूचि लेकर समाचारों को लिखना चाहिए। एक छोटे से विषय पर भी बेहतर ढंग से लिखे हुए समाचार को प्रकाशनों में अच्छा कवरेज मिलता है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर जनसंपर्क अधिकारी किसी भी सकारात्मक आइडिया को लेकर सक्सेस स्टोरीज लिख सकते हैं। इस तरह की स्टोरीज को शेयर करने से उनके विभागों के बेहतर कार्यों को मीडिया में अच्छी जगह मिलती है।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग की विविध शाखाओं में एमसीयू के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। इस सत्र का संचालन जनसंपर्क विभाग के श्री अनिल वशिष्ठ ने किया। आज इस कार्यक्रम में विभागीय बजट, भंडार नियमों की जानकारियों पर सत्र भी आयोजित हुए। इसके अलावा पत्रकारों के लिए संचालित विविध योजनाओं की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई। अंतिम सत्र में जनसंपर्क विभाग के पोर्टल प्रबंधन पर प्रतिभागी अधिकारियों को जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के जिला जनसंपर्क कार्यालयों से तथा निदेशालय से जनसंपर्क अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस प्रशिक्षण का आयोजन जनसंपर्क विभाग एवं एमसीयू की प्रशिक्षण शाखा के तत्वावधान में हुआ। इस आयोजन का समन्वय डॉ. शलभ श्रीवास्तव ने किया। इस आयोजन में दोनो दिन संगठन प्रबंधन, डिजिटल नवाचार, ई-ऑफिस, ई-एचआरएमएस, एआई, कंटेंट मैंनेजमेंट, आरटीआई, प्रेस के नियम, जनसंपर्क की नीतियों और उनके क्रियान्वयन के व्यवहारिक पहलुओं सहित वित्तीय प्रबंधन आदि विषयों पर विविध सत्र आयोजित हुए।
प्रो. पवित्र श्रीवास्तव
विभागाध्यक्ष
विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग
एमसीयू, भोपाल



No comments:
Post a Comment