Breaking

Your Ads Here

Tuesday, April 14, 2026

मेडिकल कॉलेज में मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज के बैच MBBS 2023 के विद्यार्थियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

इस कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. अंबेडकर के विचारों, उनके सामाजिक योगदान एवं उनके द्वारा स्थापित मूल्यों को स्मरण करना तथा विद्यार्थियों में जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा / फोटो पर पुष्प माल्यार्पण के साथ किया गया! इसके पश्चात डॉ. भीमराव अंबेडकर की संक्षिप्त जीवनी प्रस्तुत की गई, जिसमें उनके प्रारंभिक जीवन, शिक्षा, सामाजिक संघर्षों तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला गया। तदोपरांत विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। 

मुख्य आकर्षण के रूप में (शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो) के संदेश पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक (स्क्रिप्ट) प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया और सामाजिक परिवर्तन के महत्व को उजागर किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा भाषण एवं काव्य पाठ प्रस्तुत किए गए, जिनमें डॉ. अंबेडकर के विचारों, उनके संघर्ष और समाज में समानता स्थापित करने के उनके प्रयासों को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में एक पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसका विषय था — “स्वास्थ्य का अधिकार = समानता का अधिकार”।  प्रतिभागियों ने अपने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में समानता और अधिकारों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता,उप-प्राचार्य डॉ ज्ञानेश्वर टोंक एवं सीनियर फैकल्टी मेंबर्स ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा सभी को डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। भारतीय संविधान की प्रस्तावना (Preamble) की पंक्तियों के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया!

अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और समाज में समानता, शिक्षा एवं संगठन के महत्व को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने में सफल रहा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here