नित्य संदेश, मेरठ। प्रचंड गर्मी में जहां हर कोई सूरज की तपिश से बचने के लिए साया ढूंढ रहा है वहीं दो जून की रोटी के लिए मजदूर भरी दोपहरी में काम करने को विवश है। बता दें कि सूरज के तल्ख तेवरों और लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए आगरा मंडल में प्रशासन द्वारा मजदूरों के लिए 4 घंटे का ब्रेक लागू किया गया है। यह ब्रेक दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगा।
बता दें कि 1 मई को मजदूर दिवस है। आगरा का उदाहरण देते हुए मेरठ के मजदूरों ने भी स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि उन्हें भी यह सहूलियत मुहैया कराई जाए। उल्लेखनीय है कि आगरा के मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में मजदूरों के लिए बड़ी राहत प्रदान की है। मंडलायुक्त ने तमाम औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी अपनी कार्यशैली में बदलाव करने के लिए कहा है। मेरठ में विभिन्न मजदूर संगठनों ने आगरा प्रशासन की इस पहल को सराहते हुए इसे मेरठ सहित पूरे प्रदेश में लागू करने की मांग की है। हीट-वेव (लू) से श्रमिकों को बचाने के लिए आगरा के मंडलायुक्त की पहल का स्वागत करते हुए मेरठ के विभिन्न मजदूर संगठनों ने भी मेरठ के मंडलायुक्त से श्रमिकों और मजदूरों के हित में फैसला लेने की अपील की है। ईंट भट्टों से लेकर कारखानों एवं विभिन्न निर्माण साइटों पर काम करने वाले मजदूरों के विभिन्न संगठनों ने कहा है कि वह इस संबंध में शीघ्र ही मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी से मिलेंगे।

No comments:
Post a Comment