Breaking

Your Ads Here

Saturday, April 4, 2026

सहकारी समिति पर ताला लगा मिलने से भड़के किसान, जमकर हंगामा


अर्जुन देशवाल 
नित्य संदेश, बहसूमा। क्षेत्र के किसानों का आक्रोश उस समय फूट पड़ा जब शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे कस्बे में स्थित प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति, महमूदपुर शिखेड़ा पर पहुंचे किसानों को समिति पर ताला लटका मिला। खाद लेने पहुंचे किसानों ने इसे लेकर जमकर हंगामा किया और मौके पर ही वर्तमान समिति अध्यक्ष भूषण गुर्जर को बुला लिया।

किसान वेदपाल सिंह नागर, भूषण गुर्जर, बबलू राठी, महेश शाहपुर, ईश्वर सिंह, नरेंद्र सिंह आदि ने आरोप लगाया कि पिछले 5 दिनों से वे लगातार डीएपी खाद लेने के लिए समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार समिति बंद मिलती है। किसानों का कहना है कि इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की जा चुकी है, बावजूद इसके समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। मौके पर मौजूद किसानों ने समिति सचिव व अन्य कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद न मिल पाने से उनकी फसल प्रभावित हो रही है।

वहीं समिति अध्यक्ष भूषण गुर्जर ने किसानों का समर्थन करते हुए कहा कि शनिवार को कोई सरकारी अवकाश नहीं है, इसके बावजूद दोपहर एक बजे तक भी कोई कर्मचारी समिति पर नहीं पहुंचा। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। 

किसानों ने हंगामा करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समिति को नियमित रूप से नहीं खोला गया और खाद की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति महमूदपुर सिखेड़ा के सचिव अवनीश कुमार को कई बार फोन पर बात करने की कोशिश की गई लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here