नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की एलुमनी एसोसिएशन द्वारा विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में “एलुमनी मीट 2026” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एलुमनी गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, उन्हें सुदृढ़ एवं समन्वित करना तथा संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना रहा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में पूर्व छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
यह वार्षिक आयोजन पूर्व छात्रों के साथ पुनः जुड़ाव स्थापित करने, उनकी उपलब्धियों का उत्सव मनाने और विश्वविद्यालय के साथ उनके सतत संबंधों को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि एलुमनी किसी भी संस्थान की अमूल्य धरोहर होते हैं। उन्होंने कहा कि “पूर्व छात्र अपने अनुभव, ज्ञान और उपलब्धियों के माध्यम से न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा को बढ़ाते हैं, बल्कि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनते हैं। विश्वविद्यालय सदैव अपने एलुमनी के साथ मजबूत और सक्रिय संबंध बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने विशिष्ट पूर्व छात्रों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि “एलुमनी मीट केवल एक पुनर्मिलन नहीं, बल्कि अनुभवों, विचारों और अवसरों का संगम है। यह मंच पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद स्थापित कर उन्हें नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करता है। विश्वविद्यालय अपने एलुमनी नेटवर्क को और अधिक सशक्त एवं वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मनोज कपिल, डीन एवं प्राचार्य, तथा विभागाध्यक्ष, डॉ. श्रवण कुमार गर्ग, डॉ. संजीव कुमार और इंजी. पंकज गौतम की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। एलुमनी सदस्यों का आयोजन समिति द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कपिल ने आयोजन टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एलुमनी विश्वविद्यालय की वास्तविक शक्ति हैं और उनके योगदान से ही संस्थान की प्रगति, प्रतिष्ठा एवं विकास संभव होता है। उनके प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों में नया उत्साह भर दिया। कार्यक्रम में संवादात्मक सत्र, मनोरंजक खेलों एवं विविध आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका सभी प्रतिभागियों ने भरपूर आनंद लिया। इस दौरान पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादें साझा की तथा रोजगार, करियर उन्नति और भविष्य की संभावनाओं पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
यह कार्यक्रम डॉ. नूपुर कौशिक, अध्यक्ष एलुमनी ट्रस्ट, एवं इंजी. गुरुसेवक केशरवानी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में टीम सदस्यों डॉ. आशिमा, डॉ. विकास, रवि और नेहा का विशेष योगदान रहा। “एल्यूमनी मीट 2026” हर्षोल्लास, आत्मीयता और प्रेरणादायक क्षणों के साथ संपन्न हुई, जिसने पूर्व छात्रों और उनकी मातृ संस्था के बीच आजीवन संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य किया।
No comments:
Post a Comment