Breaking

Your Ads Here

Sunday, April 26, 2026

बेडरूम के नीचे 'तलघर' में चल रही थी हथियारों की फैक्ट्री, मेरठ पुलिस ने 11 दबोचे

पुलिस की गिरफ्त में शातिर 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने एक ऐसी अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जिसे चलाने का तरीका देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव में एक मकान के भीतर बेडरूम में डबल बेड के नीचे गुप्त रास्ता बनाकर तहखाने में पिस्टल बनाने का काला कारोबार फल-फूल रहा था। रविवार को स्वाट टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

​डबल बेड के नीचे छिपा था राज

​एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरोह ने पुलिस को चकमा देने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। ऊपर से साधारण दिखने वाले कमरे में डबल बेड के नीचे एक दरवाजा था, जो सीधे तहखाने में जाता था। छापेमारी के दौरान जब पुलिस कमरे में पहुंची तो सब कुछ सामान्य दिखा, लेकिन बारीकी से जांच करने पर इस 'सीक्रेट' रास्ते का पता चला।

इनकी हुई गिरफ्तारी

​पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बनाने वाले और खरीदने वाले दोनों शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्न रूप में हुई है -

​मुख्य सरगना:  रहीमुद्दीन (अल्लीपुर) और असलम (लिसाड़ी गेट)।

​कारीगर व खरीदार: अलाउद्दीन, अनस (मुजफ्फरनगर), शक्ति (बागपत), मुनीर, आरिश, शिवा शर्मा, गुड्डू सैनी, वरुण दुबे, राजन और रजत शर्मा।

​भारी मात्रा में जखीरा बरामद

​तहखाने से पुलिस को बड़ी संख्या में बनी और अधूरी बनी पिस्टल, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर और हथियार बनाने के अन्य उपकरण मिले हैं। पूछताछ में सामने आया कि रहीमुद्दीन अलग-अलग जगहों से कच्चा माल इकट्ठा करता था और ऑर्डर के आधार पर पिस्टल तैयार करवाई जाती थी।

​10 आरोपी अब भी फरार

​पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े 10 अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। एसएसपी ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश गौड़ और लोहिया नगर थाना प्रभारी की टीमें फरार अपराधियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फैक्ट्री से सप्लाई किए गए हथियार किन-किन आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल होने थे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here