Breaking

Your Ads Here

Tuesday, March 17, 2026

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए. आई.) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो० (डा०) किरण प्रदीप के संरक्षण में कनोहर लाल ट्रस्ट सोसायटी अध्यक्ष दिनेश सिंघल, सचिव डॉ. सुधीर कुमार एवं संयुक्त सचिव प्रदीप सिंघल ने समस्त शिक्षिकाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की आवश्यकता, चुनौतियां, उपयोग एवं संभावना विषय पर चर्चा- परिचर्चा की। 

अधिकांश शिक्षिकाओं ने अपने मत रखते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वर्तमान समय की आवश्यकता है एवं शिक्षिकाओं के साथ-साथ छात्राओं को भी इसकी ट्रेनिंग की आवश्यकता है।यह तकनीक कंप्यूटर और मशीनों को मानव की तरह सोचने, समझने और निर्णय लेने में सक्षम बनाती है। ए. आई. प्रशिक्षण जटिल समस्याओं को हल करने और स्वचालित रूप से कार्य करने में सक्षम बनाता है।

छात्राओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मुख्य लाभों में व्यक्तिगत शिक्षण, त्वरित प्रतिक्रिया, अपनी सुविधा के अनुसार उपलब्धता, बेहतर सामग्री निर्माण और सुगम पहुंच शामिल हैं। ए.आई. छात्राओं की व्यक्तिगत शिक्षण शैलियों और आवश्यकताओं के अनुरूप ढलकर उन्हें अधिक प्रभावी ढंग से सीखने में मदद करता है।

कनोहर लाल ट्रस्ट सोसायटी अध्यक्ष दिनेश सिंघल ने समस्त शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जगत से लेकर विभिन्न रोजगारों एवं सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने रोजगार के स्वरुपों एवं आवश्यकताओं को बदल दिया है। आने वाले समय की मांग को दृष्टिगत रखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग सभी के लिए आवश्यक है। साथ ही स्वयं पोर्टल पर शिक्षिकाओं हेतु आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोर्स के विषय में भी चर्चा की।

कनोहर लाल ट्रस्ट सोसाइटी के सचिव सुधीर कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर किरण प्रदीप ने कहा कि विभिन्न विषयों में किताबों के साथ-साथ ई -कंटेंट एवं ऑनलाइन उपलब्ध कोर्स भी आज के समय की आवश्यकता है। विभिन्न कोर्स एवं प्रोजेक्ट आदि में छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का ज्ञान होने से निश्चय ही लाभ होगा। आज का यह कार्यक्रम समस्त शिक्षिकाओं के लिए अत्यंत लाभप्रद रहा।

कार्यक्रम में डॉ. नेहा शर्मा दीक्षित, प्रो. विनीता गुप्ता, चीफ प्रॉक्टर, डॉ. राखी त्यागी, डीन, डॉ. ज्योत्स्ना, डॉ. पूनम सिंह,डॉ. पूजा राय, डॉ. फातिमा हसन, डॉ. प्रतिमा चौरसिया, डॉ. रूपा आदि शिक्षिकायें उपस्थित रहीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here