Breaking

Your Ads Here

Monday, March 16, 2026

रोमांचक मैच में एक गेंद रहते क्रिक गिरी चैंप्स ने हासिल की जीत


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी मेरठ टी 20 लीग में सोमवार को दूसरा मैच क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और व्हाइट डॉट शास्त्री नगर के बीच खेला गया। 

क्रिक गिरी के कप्तान शिवम बंसल ने टॉस जीत कर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। व्हाइट डॉट की शुरुआत बड़ी खराब रही और सलामी बल्लेबाज अभय नौ रन बनाकर आउट हो गए। वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज हर्ष भी मात्र 12 रन ही बना पाए। व्हाइट डॉट के बल्लेबाज शशांक ने संघर्ष करते हुए 11 गेंद पर 26 रन बना डाले। मोहम्मद फैसल 13 रन ही बना पाए। लेकिन वासुदेव ने 16 गेंद पर 24 रन बना कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। निर्देश के 11 रन पर आउट होने के बाद प्रशांत ने 31 गेंद पर शानदार 40 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं अंकित ने 17 गेंद पर 26 रन बनाकर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। व्हाइट डॉट ने निर्धारित 20 ओवर में 169 रन का स्कोर बनाया। क्रिक गिरी चैंप्स के अभिषेक पुंडीर ने 21 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं शिवम ने एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रिक गिरी चैंप्स का पहला विकेट 6 रन के टीम स्कोर पर ही गिर गया जब उनके सलामी बल्लेबाज अक्षय को मोहम्मद फैसल ने शून्य के स्कोर पर रन आउट कर दिया। रन आउट का फैसला थर्ड अंपायर ने दिया। कप्तान शिवम बंसल ने विहान जटराणा के साथ मिलकर टीम का स्कोर आगे बढ़ाना शुरू किया। शिवम बंसल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुकाबले में वापस खड़ा कर दिया। मगर एक बड़ा शॉट मारने के प्रयास शिवम बंसल 26 गेंद पर 45 रन बनाकर बाउंड्री पर कैच आउट हो गए। रजत गोयल की गेंद पर प्रशांत ने शिवम बंसल का शानदार कैच लपक लिया। लेकिन विहान जटराणा ने एक छोर संभाले रखा और अधिराज सिंह के साथ टीम का स्कोर आगे बढ़ाना जारी रखा। 

127 रन के टीम स्कोर पर क्रिक गिरी चैंप्स को तीसरा झटका लगा जब बाएं हाथ के बल्लेबाज अधिराज सिंह विकास की शानदार यॉर्कर पर बोल्ड हो गए। अधिराज ने 27 गेंद पर 32 रन बनाए। इसके बाद विहान भी ज्यादा देर पिच पर रुक नहीं पाए और अंकित चौधरी की गेंद पर एल बी डब्ल्यू आउट हो गए। विहान ने 34 गेंद पर 41 रन बनाए। दो विकेट लगातार गिरने के बाद मैच रोमांचक मोड पर आ गया। मगर ऋतिक वत्स ने आते ही शानदार छक्का मारकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। सत्यम संघू (6 रन) को प्रशांत चौधरी ने क्लीन बोल्ड कर टीम की मैच में वापसी करा दी। सुशांत ने प्वाइंट पर चौका मार कर उम्मीद जगाई मगर प्रशांत की अगली ही गेंद पर बाउंड्री पर कैच आउट हो गए। इसके बाद विकास ने आरुष को लगातार 4 डॉट गेंद फेक कर दबाव बढ़ा दिया। इस ओवर में मात्र 2 रन ही आए। 

अब 6 गेंद पर 14 रन का लक्ष्य सामने था। आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर प्रशांत ने रितिक वत्स (14) को बाउंड्री पर आउट करा कर जीत की झलक दिखाई। मगर शिवम उज्जवल ने चौका और छक्का मारकर मैच रोमांचक बना दिया। दो गेंद पर दो रन चाहिए थे और शिवम उज्जवल ने पांचवीं गेंद पर दो रन लेकर क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा को जीत दिला दी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here