नित्य संदेश ब्यूरो
रोहटा । थाना क्षेत्र के डूंगर गांव में मंगलवार शाम खेत पर जुताई करने गए भाजपा नेता बलराज डूंगर के बड़े भाई पूर्व प्रधान पर पड़ोसी सगे भाइयों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।जानकारी के अनुसार भाजपा नेता बलराज डूंगर के बड़े भाई एवं पूर्व प्रधान गजराज सिंह मंगलवार की शाम अपने खेत में जुताई करने गए थे। उसी बीच वापसी में आते समय उन्होंने चकरोड पर भी ट्रैक्टर चलाकर जुताई कर दी। चकरोड की जुताई करते समय मिट्टी पड़ोसी के खेत की नाली में भर गई। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के सगे भाइयों ने चकरोड के साथ साथ नाली को भी जोतने का आरोप लगा पूर्व प्रधान गजराज से आपत्ति जताई।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस होते होते आपस में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए गजराज सिंह पर हमला कर दिया। हमले में गजराज सिंह को चोटें आईं। किसी तरह मौके से बचकर पीड़ित गजराज ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस गांव में पहुंची और दोनों पक्षों के लोगो को थाने में ले आई। दोनो पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अनुराग सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर निष्पक्ष रूप से विधिक कार्यवाही की जाएगी।
No comments:
Post a Comment