अर्जुन देशवाल
नित्य संदेश, बहसूमा। बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव रामराज निवासी एक व्यक्ति पर मंगलवार शाम को कुटिया पर बैठे बाबा द्वारा चाकू से हमला कर दिया गया । जिसमें हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पहले हस्तिनापुर सीएचसी भिजवाया गया और हालत गंभीर होने पर बाद में मेरठ रेफर किया गया है।
बता दें कि गांव रामराज निवासी राजवीर पुत्र वीरपाल मंगलवार शाम सैफपुर –फिरोजपुर मार्ग पर स्थित प्राचीन महादेव शिव मंदिर के बराबर बनी कुटिया पर गया था। वह कुटिया में रहने वाले बाबा विक्रम सिंह के साथ बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में बैठकर बीड़ी पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई, इसी दौरान बाबा विक्रम सिंह ने चाकू निकालकर राजवीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। चाकू लगने से राजवीर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह ने बताया कि बाबा विक्रम सिंह कुटिया पर रहता है और राजवीर अक्सर शाम को उसके पास बैठने आता था। मंगलवार को दोनों के बीच विवाद होने के बाद यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और तहरीर मिलते ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment