नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विश्व मोटापा दिवस के अवसर पर एसवीबीपी अस्पताल के जनरल ओपीडी में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मरीजों एवं उनक के परिजनों के लिए एक
स्वास्थ्य वार्ता (हेल्थ टॉक) आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य लोगों में मोटापे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके दुष्प्रभावों और रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी देना था। यह कार्यक्रम कम्युनिटी मेडिसिन विभाग विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में तथा प्रोफेसर डॉ. सीमा जैन की उपस्थिति में आयोजित किया गया। स्वास्थ्य वार्ता के दौरान लोगों को मोटापे के कारणों, इसके कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं तथा जीवन की गुणवत्ता पर इसके प्रभाव के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को यह भी बताया गया कि मोटापा कई गंभीर बीमारियों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और जोड़ों की समस्याओं का प्रमुख कारण बन सकता है। साथ ही संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, सक्रिय जीवनशैली और स्वस्थ आदतों को अपनाकर मोटापे से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अन्य चिकित्सकों में डॉ. कृति, डॉ. आशु, डॉ. आशीष, डॉ. अभिषेक, डॉ. पलक तथा डॉ. धीरेंद्र भी
उपस्थित रहे और उन्होंने भी मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम की सराहना करते हुए एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है और लोगो को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित करते है।
No comments:
Post a Comment