-नमो भारत कनेक्ट ऐप का उपयोग करने वाले यूज़र्स की संख्या
ने साढ़े तीन लाख के आँकड़े को किया पार
गाजियाबाद। नमो भारत कनेक्ट मोबाइल ऐप यात्रियों के लिए
सुविधाजनक एवं सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित कर रहा है। नमो भारत की बढ़ती लोकप्रियता
के साथ ही इस ऐप का उपयोग करने वाले यात्रियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि दर्ज
की जा रही है। नमो भारत कनेक्ट ऐप के उपयोगकर्ताओं की संख्या साढ़े तीन लाख के आंकड़े
को पार कर चुकी है। *विगत माह फरवरी 2026 तक 3 लाख 61 हजार से अधिक* लोग इस ऐप में
उपलब्ध डिजिटल क्यूआर टिकट से लेकर रियल-टाइम ट्रेन ट्रैकिंग जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाओं
का लाभ उठा रहे हैं।
इस ऐप के माध्यम से यात्री बिना टिकट काउंटर पर लाइन लगाए, आसानी से नमो भारत और मेरठ मेट्रो की यात्रा के लिए डिजिटल क्यूआर टिकट खरीद सकते हैं। पिछले तीन महीनों में ऐप के जरिए 6 लाख 70 हज़ार से ज़्यादा डिजिटल टिकटों की बिक्री दर्ज की गई है। वहीं फरवरी 2026 तक नमो भारत कनेक्ट ऐप के माध्यम से यात्रियों द्वारा कुल 24 लाख 70 हज़ार से ज्यादा डिजिटल टिकट खरीदे जा चुके हैं। डिजिटल क्यूआर टिकट के अलावा, नमो भारत कनेक्ट ऐप यात्रियों के लिए रियल-टाइम ट्रेन ट्रैकिंग, पार्किंग की स्थिति की रियल-टाइम जानकारी, खोया-पाया सुविधा, शिकायत निवारण प्रणाली, महिला सुरक्षा सहायता, यात्री हेल्पलाइन और दिव्यांगजनों के लिए एक्सेसिबिलिटी सहायता जैसी कई विशेष सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
ऐप का लाइव ट्रेन ट्रैकिंग फीचर यात्रियों को ट्रेन की
वर्तमान स्थिति और आगमन समय का सटीक अपडेट प्रदान करता है। यह फीचर आगामी 30 मिनट की
समयावधि के लिए ट्रेन की करंट लोकेशन, अगले स्टेशन और अनुमानित आगमन समय की जानकारी
प्रदान करता है, जिससे यात्री अपनी यात्रा की योजना को बेहतर बना सकते हैं। इसके साथ
ही, नमो भारत स्टेशन से आगे उनके गंतव्य तक सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए
ऐप में लास्ट माइल कनेक्टिविटी का विकल्प भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से यात्री फीडर
बस सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही, लास्ट-माइल कनेक्टिविटी प्रदाताओं जैसे
रैपिडो की सेवा का लाभ भी उठा सकते हैं।
इसी तरह ऐप का लाइव पार्किंग स्टेटस फीचर यात्रियों को
वास्तविक समय में नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग की उपलब्धता की जानकारी प्रदान करता
है। इसके माध्यम से यात्री रियल टाइम में यह देख सकते हैं कि पार्किंग में वाहनों के
लिए स्थान उपलब्ध है या नहीं और उसके अनुसार यह निर्णय ले सकते हैं कि वाहन कहाँ पार्क
करना है। यह सुविधा उन लोगों के लिए विशेष रूप से एक गेमचेंजर है जो अपने निजी वाहनों
से नमो भारत स्टेशन तक पहुँचते हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि आपको गुलधर नमो भारत स्टेशन
से अपनी यात्रा शुरू करनी है और अपने वाहन के लिए पार्किंग स्पेस की आवश्यकता है, तो
आप ऐप के इस फीचर के जरिए यह जान सकते हैं कि स्टेशन की कुल वाहनों की पार्किंग क्षमता
में से दुपहिया और कार पार्किंग के कितने स्थान खाली हैं और कितने भरे हुए हैं।
सामान खोने या पाने की जानकारी के लिए नमो भारत कनेक्ट ऐप में ‘लॉस्ट एंड फाउंड’ का ऑप्शन भी दिया गया है। इसकी मदद से यात्री अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अगर यात्रा के दौरान किसी यात्री का कोई सामान खो जाता है तो ऐप में मौजूद इस विकल्प में जाकर यात्री नमो भारत स्टाफ को मिली वस्तुओं की सूची में अपने खोये हुए सामान की जानकारी हासिल करके अपने सामान को वापस लेने के लिए दावेदारी कर सकते हैं। यह प्रक्रिया बेहद आसान है। ऐप के इस विकल्प में जाकर अपनी वस्तु की पहचान करने के बाद यात्री गाज़ियाबाद नमो भारत स्टेशन में बने लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर में संपर्क कर सकते हैं। सामान लौटाने के लिए निर्धारित वेरिफिकेशन के बाद उनका सामान उन्हें वापस मिल सकता है।
इसके साथ ही अगर यात्रियों को किसी अन्य सहायता की ज़रूरत है तो उनके ऐप में ‘हेल्प एंड सपोर्ट’ का फीचर भी दिया गया है। यात्री इसकी मदद से स्टाफ से कॉल के जरिये भी संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, यह ऐप दिल्ली मेट्रो के साथ एकीकृत टिकटिंग की सुविधा भी प्रदान करता है, यानी यात्री नमो भारत कनेक्ट ऐप के माध्यम से दिल्ली मेट्रो का क्यूआर कोड टिकट भी बुक कर सकते हैं। वहीं ‘डीएमआरसी मोमेंटम 2.0’ ऐप के माध्यम से नमो भारत के लिए भी क्यूआर टिकट बुक किया जा सकता है। यात्री नमो भारत ऐप पर ही पूरी यात्रा का अनुमानित किराया देखकर, यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग द्वारा एकल और सुरक्षित भुगतान कर सकते हैं। इस व्यवस्था से दोनों शहरी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के यात्रियों को संयुक्त लाभ मिल रहा है। एकीकृत टिकटिंग फीचर के माध्यम से यात्रियों ने पिछले तीन महीनों की अवधि में नमो भारत कनेक्ट ऐप से 59 हजार से अधिक दिल्ली मेट्रो टिकट बुक किए हैं। इसी तरह, दिल्ली मेट्रो के ऐप के जरिए नमो भारत की यात्रा के लिए 32 हजार से अधिक डिजिटल टिकट खरीदे गए हैं। ऐप की इस एकीकृत टिकटिंग व्यवस्था के माध्यम से फरवरी 2026 तक कुल 3 लाख 17 हजार से अधिक डिजिटल टिकटों की बिक्री दर्ज की जा चुकी है।
इसके अतिरिक्त हाल ही में एनसीआरटीसी और इंडियन रेलवे
कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने भी एक एकीकृत टिकटिंग की शुरू की है,
जिससे यात्रियों को अब भारतीय रेल और नमो भारत के माध्यम से यात्रा की योजना बनाने
और टिकट बुक करने में अधिक सुविधा मिलेगी। नमो भारत ऐप पर उपलब्ध आईआरसीटीसी आइकन पर
क्लिक कर यात्री सीधे भारतीय रेल के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुँच सकते हैं और टिकट बुक
कर सकते हैं। वहीं भारतीय रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों का गंतव्य यदि दिल्ली
है, तो उन्हें अपना टिकट बुक करने के बाद एनसीआरटीसी का आइकन दिखाई देगा। इस पर क्लिक
कर, वे अपनी आगे की यात्रा के लिए नमो भारत का टिकट भी आसानी से बुक कर सकते हैं। यह
ऐप एंड्रॉयड और आईफोन उपयोगकर्ताओं के लिए गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध
है। इसके अलावा क्यूआर कोड स्कैन कर भी ऐप डाउनलोड किया जा सकता है, जिससे यात्री अपनी
नमो भारत यात्रा को और अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और सुविधाजनक बना सकते हैं।

No comments:
Post a Comment