Breaking

Your Ads Here

Wednesday, March 18, 2026

व्यापारी हित सर्वोपरि, व्यापारियों की हर समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विनीत अग्रवाल शारदा




नित्य संदेश ब्यूरो

हापुड़। हापुड़ नगर में आज व्यापारियों की एक विशाल सभा आयोजित की गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा का व्यापारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। सभा में उपस्थित व्यापारियों ने व्यापारी हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया।

सभा को संबोधित करते हुए विनीत शारदा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निरंतर व्यापारी वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। श्री शारदा ने बताया कि खाद्य विभाग में पंजीकरण की व्यवस्था को सरल बनाते हुए अब इसे आजीवन मान्य कर दिया गया है, जिससे व्यापारियों को बार-बार नवीनीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही पहले जहाँ केवल बारह लाख रुपये वार्षिक कारोबार तक ही एक सौ रुपये का लाइसेंस शुल्क लागू था, उसे बढ़ाकर अब डेढ़ करोड़ रुपये वार्षिक कारोबार तक कर दिया गया है। इससे किराना व्यापारी, मिठाई व्यापारी, भोजनालय, होटल तथा खाद्य व्यापार से जुड़े लाखों व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

विनीत शारदा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष सुशासन, सुरक्षा और चौमुखी विकास के स्वर्णिम वर्ष के रूप में स्थापित हुए हैं। इन वर्षों में प्रदेश के कोने-कोने में विकास की नई गाथा लिखी गई है। प्रदेश में सड़कों का एवं एक्सप्रेस बे का विशाल जाल बिछाया गया है, प्रदेश के हर जिले में नए चिकित्सालय और चिकित्सा महाविद्यालय मेडिकल कॉलेज स्थापित हुए हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है तथा कई नए हवाई अड्डों का निर्माण और विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष २०१७ से पहले उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ़्यू के लिए बदनाम था, परंतु आज वही प्रदेश मजबूत कानून व्यवस्था और तेज विकास के लिए पूरे देश में नई पहचान बना चुका है। आज अपराधियों के लिए उत्तर प्रदेश में कोई स्थान नहीं है—अपराधी या तो जेल की सलाखों के पीछे हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं या यमराज के पास पहुंचा दिए गए है ।
यह परिवर्तन दृढ़ नेतृत्व और सशक्त प्रशासन का परिणाम है।

श्री शारदा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी के व्यापारियों और कुटीर उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएँ चलाई हैं। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के बारह वर्षों और उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों में देश और प्रदेश विकास के नए शिखर छू रहे हैं। हिंदू नववर्ष के पावन अवसर का उल्लेख करते हुए विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पर्व पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मांस की दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष सनातन संस्कृति का अत्यंत पवित्र और गौरवशाली पर्व है और इस अवसर पर पूरे प्रदेश में मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

हापुड़ व्यापार संघ के अध्यक्ष विजेंद्र पनसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विनीत अग्रवाल शारदा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों की मांगों को स्वीकार कर सरकार ने व्यापारी समाज को बड़ी राहत प्रदान की है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश में मजबूत कानून व्यवस्था और तेज विकास कार्यों के कारण व्यापारी वर्ग में नया विश्वास पैदा हुआ है। आज व्यापारी सुरक्षित वातावरण में निडर होकर अपना व्यापार कर रहा है।

भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार व्यापारी हितों की सच्ची संरक्षक है और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सभा में भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक बवली, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री कपिल एसम, मीडिया सह-मीडिया प्रभारी अमित नागर सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here