Breaking

Your Ads Here

Tuesday, March 17, 2026

अकबरपुर गंग नहर में झाड़ियों में फंसा मिला महिला का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी



अर्जुन देशवाल 
नित्य संदेश, बहसूमा। थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गंग नहर पुल के पास मंगलवार शाम झाड़ियों में फंसा एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर किनारे घूम रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही झाड़ियों में फंसे शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बहसूमा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार शव सड़ी-गली अवस्था में था और प्रथम दृष्टया महिला का प्रतीत हो रहा था। शव को कब्जे में लेकर थाने लाया गया, जहां उसकी शिनाख्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान शिवानी (23 वर्ष) पत्नी सौरभ निवासी बेलड़ा, थाना रुड़की के रूप में हुई है। शव की पहचान महिला के पिता ध्यान सिंह पुत्र भांजा ने आंखों, कद-काठी, रंग, नाक की बाली और कपड़ों के आधार पर की।

परिजनों के मुताबिक शिवानी 7 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे घर के सामने स्थित सोलानी नदी पुल के पास गई थीं, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। काफी तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया था। इस संबंध में 8 मार्च 2026 को पुलिस ने गुमशुदगी व अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतका के पिता ने लगाया हत्या का आरोप 
मृतका के पिता ध्यान सिंह ने बताया कि पुत्री शिवानी की शादी 13 फरवरी 2025 को सौरभ पुत्री चंद्रपाल निवासी बेलडा थाना कोतवाली सिविल लाइन रुड़की हरिद्वार से की थी। उसने अपनी हैसियत के हिसाब से खूब दान दहेज खर्च किया था। आरोप है कि शिवानी 23 वर्ष पति सौरभ ने बीती 7 मार्च को हत्या कर सोलानी के पुल के पास नहर में फेंक दिया था। शिवानी का पति उसके साथ गली गलौज कर प्रताड़ित करता था। आरोपी पति सौरभ ने 8 मार्च को शिवानी के लापता होने की जानकारी दी थी। जबकि वह 7 मार्च को गायब कर दी गई थी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here