नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रांतीयकृत नौचंदी मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, विधायक कैंट अमित अग्रवाल, विधायक सिवालखास गुलाम मोहम्मद, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल द्वारा पारंपरिक रूप से फीता काटकर किया गया।
नौचंदी देवी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से हवन-पूजन कर माता को चुनरी अर्पित की गई। साथ ही बाले मियां की मजार पर चादर चढ़ाकर अमन-चैन और जनकल्याण की कामना की गई। इसके उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मेला परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर, भारत माता, महात्मा गांधी तथा जय जवान जय किसान स्तम्भ आदि मूर्तियों पर माल्यार्पण किया।
जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि द्वारा मेला परिसर का भ्रमण एवं निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा नौचंदी देवी मंदिर एवं मेला परिसर में व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मेले की परंपरा, गरिमा एवं भव्यता के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाए सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, मेला कमेटी के सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment