Breaking

Your Ads Here

Tuesday, March 17, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में बीबीसी एलाइट ने जीता अपना पहला मैच


-बीबीसी एलाइट के ईशु साहू ने 70 गेंद पर 11 चौके और पांच छक्के मारते हुए नाबाद 100 रन बनाए

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में मंगलवार को दिन का पहला मैच बीबीसी एलाइट और मेरठ साउथ वॉरियर्स के बीच खेला गया। 

टॉस जीत कर मेरठ साउथ वॉरियर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बीबीसी एलाइट के सलामी बल्लेबाज ईशू साहू और राघव ने टीम को शानदार शुरूआत दिलाते हुए मैदान पर चौको-छक्कों की बरसात शुरू कर दी। 56 रन के टीम स्कोर पर सलामी बल्लेबाज राघव (9 गेंद पर 17 रन) विजय कुमार की गेंद पर अंकुश नागर के हाथों कैच आउट हो गए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए लक्ष्य ने गेंदबाजों को राहत की सांस नहीं लेने दी और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाना शुरू कर दिया। लक्ष्य 26 गेंद पर 38 बनाकर अंकुश नागर का शिकार बने और उनका कैच लपकने में विजय कुमार ने कोई गलती नहीं की।

119 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट गिरने के बाद ईशू साहू ने एक छोर को बखूबी संभाले रखा और स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाते रहे। वहीं उनका साथ दिव्यांश ने बखूबी निभाया और चौके-छक्के मारते हुए 3 छक्के और चार चौकों के साथ मात्र 12 गेंद पर 38 रन बना डाले। मगर 17वें ओवर की पहली गेंद पर विजय कुमार की शानदार गेंद पर दिव्यांश हवा में कैच उछाल बैठे और शुभम मिश्रा ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। 181 रन के टीम स्कोर पर तीसरा विकेट गिरने के बाद नंबर पांच पर अर्जुन बल्लेबाजी करने आए और 7 गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं दूसरे छोर पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे ईशु साहू ने इनिंग की अंतिम गेंद पर अपना नाबाद शतक पूरा किया। 

ईशु साहू ने 70 गेंद पर 11 चौके और पांच छक्के मारते हुए नाबाद 100 रन बनाए। बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से बीबीसी एलाइट ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 204 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। मेरठ साउथ वारियर्स के गेंदबाज विजय ने दो और अंकुश ने एक विकेट लिया।

205 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ साउथ वारियर्स के सलामी बल्लेबाज अराध्य यादव और विश्वेन्दर चौधरी ने टीम को शानदार शुरूआत दिलाई। अराध्य यादव ने अपना कैच छूटने पर मिले जीवनदान के बाद खुलकर खेलना शुरू किया और गेंद को मैदान के हर छोर पर पहुंचाते रहे। चौथे ओवर में 43 रन के टीम स्कोर पर अराध्य यादव तेज गेंदबाज ज्ञानेश शर्मा की गेंद को समझने में नाकाम रहे और उनके स्टंप हवा में बिखर गए। अराध्य यादव ने चार चौके और एक छक्का मारकर 16 गेंद पर 26 रन बनाए। लेकिन विश्वेन्दर चौधरी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्के मारना जारी रखा। मगर ज्ञानेश शर्मा की गेंद पर लंबा शॉट मारने के प्रयास में विश्वेन्दर चौधरी ने हवा में गेंद उछाल दी जिसे दिव्यांश राजपूत ने बखूबी पकड़ लिया। विश्वेन्दर चौधरी ने 13 गेंद पर 42 रन (पांच चौके-तीन छक्के) बनाए। 

वहीं 101 रन के टीम स्कोर पर नंबर तीन पर बल्लेबाज इंजमाम हक भी 7 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हो गए। दिव्यांश राजपूत की गेंद पर हर्ष वर्धन भारद्वाज ने उनका कैच पकड़ा। नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आए सिद्वार्थ भी अंकुर के साथ तेजी से टीम स्कोर को आगे बढ़ाने लगे। लेकिन दिव्यांश राजपूत की एक घुमती गेंद को समझने में अंकुर नाकाम रहे और गेंद उनका विकेट ले उड़ी। ग्यारहवें ओवर की पहली गेंद पर 127 रन के स्कोर पर मेरठ साउथ वारियर्स का चौथा विकेट गिरा और अनुराग बल्लेबाजी करने के लिए आए। लेकिन सिद्धार्थ ने अपने तेवर बरकरार रखे और स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। मैच का 15वां ओवर फेंक रहे अर्जुन त्यागी की एक गेंद थोड़ा रूक कर आयी जिसे सिद्धार्थ समझ नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए। सिद्धार्थ ने 32 गेंद पर दो चौके और पांच छक्कों की बदौलत 50 रन बनाए। 

नंबर आठ पर विनित पंवार बल्लेबाजी करने आए मगर बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हर्ष वर्धन भारद्वाज ने उन्हें कॉट एंड बोल्ड आउट कर दिया। 160 रन पर सात विकेट गंवाने के बाद टीम संकट में थी और तभी अंकुश तेज गेंदबाज सुनील कुमार की एक बाउंसर पर शॉट मारने के प्रयास में विकेटकीपर आस मोहम्मद को कैच दे बैठे। शुभम भी विकेट पर रूक नहीं पाए और सुनील कुमार ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर दिया। यश ने छक्का मारकर आशा जगाई मगर सुनील कुमार की गेंद पर यश सामने गेंद उछाल बैठ जिसे लपकने में राघव चोपड़ा ने कोई गलती नहीं की।

मेरठ साउथ वारियर्स की टीम 180 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी और बीबीसी एलाइट ने 24 रन से आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग में अपनी पहली जीत दर्ज की। बीबीसी एलाइट के गेंदबाज सुनील कुमार ने तीन, ज्ञानेश ने दो, दिव्यांश ने दो और अर्जुन ने दो विकेट हासिल किए।

*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - ईशु साहू (बीबीसी एलाइट)
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- सिद्वार्थ यादव (मेरठ साउथ वारियर्स)
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - विजय कुमार (मेरठ साउथ वारियर्स)
इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - अर्जुन त्यागी (बीबीसी एलाइट)
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - विश्वेन्दर चौधरी (मेरठ साउथ वारियर्स)
फाइटर ऑफ द मैच - दिव्यांश राजपूत (बीबीसी एलाइट)

मंगलवार को लीग का दूसरा मैच मेरठ कैंट कमांडों और मेरठ सिविल लाइन हीरोज के बीच खेला जा रहा है। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी यूनिवर्सिटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here