नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित “विज्ञानोत्सव 2026” के तीसरे दिन बौद्धिक उत्कृष्टता और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम ने विश्वविद्यालय की समग्र छात्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया, जहाँ तकनीकी नवाचार और खेल प्रतिभा दोनों ही चरम पर नजर आए। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ रहीं, जिनका सफल समन्वय इंजीनियर मयंकेश्वर सिंह द्वारा किया गया।
प्रतियोगिताओं में बॉक्स क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज एवं कैरम जैसी प्रतिस्पर्धाएँ आयोजित की गईं। इन खेलों का संचालन अनुभवी समन्वयकों के निर्देशन में हुआ, जिसमें डॉ. विकास शर्मा (बॉक्स क्रिकेट), इंजीनियर मयंकेश्वर सिंह (वॉलीबॉल), इंजीनियर रवि अग्रवाल (शतरंज), डॉ. संजीव कुमार (बैडमिंटन) तथा इंजीनियर अभिनव सिंह (कैरम) शामिल रहे। छात्रों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम भावना और जोश का प्रदर्शन किया, जिससे पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
वहीं दूसरी ओर प्रमुख आकर्षण “शुभशास्त्र – 24 घंटे एआई हैकाथॉन 2026” का ग्रैंड फिनाले रहा। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 300 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सर्गेई कोल्त्सोव (प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ इन्फॉर्मेटिक्स एवं प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर, नेशनल रिसर्च यूनिवर्सिटी हायर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, सेंट पीटर्सबर्ग) रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान प्रदान की।
समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण एमएमएम ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जहाँ विजेताओं को उनके नवाचारपूर्ण डिजिटल समाधानों के लिए सम्मानित किया गया। हैकाथॉन का मूल्यांकन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. कपिल (डायरेक्टर, IQAC), श्री ध्रुव नारायण (डेटा साइंटिस्ट, शून्य लैब्स) तथा श्री आर्य बंधु (टेक क्रिएटर) शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता एवं नवाचारपूर्ण सोच की सराहना की।
इस अवसर पर हैकशास्त्र (HackShastra) के मेंटर्स श्री जय चावला एवं उनकी टीम को 24 घंटे की चुनौती के दौरान प्रतिभागियों को निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने हेतु विशेष धन्यवाद दिया गया। समापन समारोह के दौरान प्रो. (डॉ.) शर्वण कुमार गर्ग ने प्रतिभागियों के समर्पण, धैर्य और नवाचार की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों को वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। तकनीकी नवाचार और खेल उत्कृष्टता से परिपूर्ण इस दिन के साथ “विज्ञानोत्सव 2026” अत्यंत ऊर्जावान, प्रेरणादायक और यादगार बन गया।

No comments:
Post a Comment