नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महापर्व “संगीतम 2026 – ऊर्जा का उत्सव” का भव्य समापन युवा उत्साह, सुरों की मधुरता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण रहे लोकप्रिय पार्श्व गायक निखिल डिसूजा जिनकी सजीव प्रस्तुति ने हजारों विद्यार्थियों को संगीत की लय पर झूमने के लिए प्रेरित कर दिया।
शाम ढलते ही भव्य प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक साउंड सिस्टम के बीच निखिल डी’सूज़ा ने मंच संभाला। उन्होंने “शाम”, “वास्ते”, “हर किसी को नहीं मिलता”, “मेरे बिना”, “तेरे नाम”, “तुझसे नाराज़ नहीं ज़िंदगी” और “दिल क्यों ये मेरा” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। “शाम” के साथ ही पूरा परिसर मोबाइल फ्लैशलाइट्स से जगमगा उठा, वहीं “वास्ते” पर विद्यार्थियों ने एक स्वर में गुनगुनाकर वातावरण को संगीतमय बना दिया। लगभग दो घंटे तक चली इस प्रस्तुति में उन्होंने युवाओं को अपने सपनों के प्रति समर्पित रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। निखिल डी’सूज़ा की प्रस्तुति से पूर्व दिनभर विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। शिक्षा विभाग के समूह नृत्य ने भारतीय परंपरा और आधुनिकता का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कैमरे के माध्यम से रचनात्मक दृष्टिकोण प्रदर्शित किया, जबकि मूवी मेकिंग प्रतियोगिता में सामाजिक विषयों पर आधारित लघु फिल्मों ने दर्शकों को प्रभावित किया। स्टैंड-अप कॉमेडी ने हास्य के माध्यम से समसामयिक विषयों को प्रस्तुत किया। फेस पेंटिंग वॉक विशेष आकर्षण रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने कला और आत्मविश्वास का अनूठा प्रदर्शन किया। समूह नृत्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की ऊर्जा और तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन समारोह में विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र उपाध्यक्ष वासु शोभित,उपाध्यक्ष (अंतरराष्ट्रीय मामलों) अभिनव शोभित निदेशक (न्यू इनिशिएटिव) वंश शेखर, कुलपति प्रॉफ वीके त्यागी,प्रो-वाईस चांसलर प्रॉफ जयानंद, सीनियर निदेशक प्रॉफ देवेंद्र नारायण,डीन अकादमिक्स प्रॉफ अशोक गुप्ता, ‘संगीतम 2026’ की संयोजक प्रॉफ दिव्या प्रकाश एवं विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति तथा छात्रों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया। साथ ही, ‘संगीतम 2026’ की छात्र कोर टीम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासित प्रबंधन और अथक परिश्रम के कारण यह महोत्सव अभूतपूर्व सफलता प्राप्त कर सका। ‘संगीतम 2026’ ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि शोभित विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ संस्कृति, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यह महोत्सव विद्यार्थियों के लिए केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेरणा, अभिव्यक्ति और नई उड़ान का सशक्त मंच बनकर उभरा।


No comments:
Post a Comment