Breaking

Your Ads Here

Saturday, February 28, 2026

सौंदत के मुख्य मार्ग पर जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कत

 


इकराम चौधरी

नित्य संदेश, परिक्षितगढ़। विकास खंड परिक्षितगढ़ के ग्राम सौंदत में मुख्य मार्ग पर लगातार जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। गांव के प्रवेश मार्ग पर गंदा पानी भरा रहने से न केवल स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि स्कूल जाने वाले बच्चों और रोजाना आने-जाने वाले राहगीरों के लिए भी स्थिति बेहद मुश्किल हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जो कई दिनों तक सूखता नहीं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मुख्य रास्ता तालाब जैसा नजर आने लगता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा बना रहता है, वहीं पैदल चलने वालों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। सुबह स्कूल जाते समय उन्हें जूते-चप्पल हाथ में लेकर पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी चुके हैं। अभिभावकों ने चिंता जताई है कि गंदे पानी से होकर रोज गुजरने से बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराई जाए और सड़क की मरम्मत कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here