नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में एक ओर जहाँ एशोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) 2026 अपने रोमांचक दौर में पहुँच चुकी है, वहीं दूसरी ओर विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर आयोजित शैक्षणिक गतिविधियों ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया। विश्वविद्यालय परिसर इन दिनों खेल, रचनात्मकता और जागरूकता का जीवंत केंद्र बना हुआ है।
चैंपियनशिप के सातवें दिन महिला वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। आयोजन समिति के चेयरमैन लेफ्टिनेंट (डॉ.) संदीप चौधरी ने बताया कि एयर पिस्टल स्पर्धा में 295 तथा एयर राइफल स्पर्धा में 297 महिला शूटरों ने भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 10 मीटर दूरी पर आयोजित इन मुकाबलों में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आई महिला खिलाड़ियों ने उच्च स्तर की एकाग्रता, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। आयोजकों द्वारा खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे प्रतियोगिता का वातावरण अत्यंत सकारात्मक और प्रेरणादायक बना हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 4 फरवरी 2026 तक जारी रहेगी। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण, डॉ. मंजू अधिकारी पांडेय, डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. दीपक राघव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment