Breaking

Your Ads Here

Sunday, February 15, 2026

शोभित विश्वविद्यालय में एम.टेक एवं एमएससी साइबर सुरक्षा के अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज़ एंड इंजीनियरिंग द्वारा सत्र 2024–26 के एम.टेक (कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग) तथा एम.एससी (साइबर सुरक्षा एवं फॉरेंसिक साइंस) के अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के सम्मान में “हस्ता ला विस्ता” शीर्षक से एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुँवर शेखर विजेंद्र, वाइस प्रेसिडेंट (अंतरराष्ट्रीय प्रकरण) अभिनव शोभित, कुलपति प्रो. विनोद कुमार त्यागी, कुलपति , गंगोह (सहारनपुर) प्रो. रंजीत सिंह तथा प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. जयानंद की गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने प्रेरक संबोधन में सभी गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि तकनीकी एवं साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में प्राप्त ज्ञान उन्हें वैश्विक मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय का गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वह भावनात्मक क्षण रहा जब अंतरराष्ट्रीय छात्रो ने मंच से विश्वविद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से बताया कि यहाँ उन्हें केवल उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, तकनीकी दक्षता, शोध दृष्टि, सांस्कृतिक समन्वय और परिवार जैसा अपनापन मिला। उनके वक्तव्य ने उपस्थित सभी को भावुक कर दिया और यह स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय ने उन्हें केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सशक्त आधार प्रदान किया है।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों को विशेष उपाधियों से भी सम्मानित किया गया—
मिस्टर फेयरवेल: मुझम्मिल सुनुसी उमर
मिस्टर एनर्जेटिक सोल (सर्वाधिक एथलेटिक व्यक्तित्व): नासिर औवल
मिस्टर वेल ड्रेस्ड: अलियू इब्राहिम सुलैमान को जजों द्वारा उनकी परफॉरमेंस के हिसाब से चुना गया । 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी जीवंत बना दिया। विदेशी छात्रों ने भारतीय गाना हिंदी में गाकर सभी को चकित कर दिया । गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने वातावरण में उत्साह और उमंग का संचार किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और ऊर्जा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को विभिन्न विशेष उपाधियों से सम्मानित किया गया तथा एम.टेक एवं एम.एससी साइबर सुरक्षा और फॉरेंसिक साइंस के मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उनकी सफलता को उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में निदेशक डॉ. संदीप कुमार, डॉ. निधि त्यागी, समन्वयक प्रणय सिंह, निदेशक (आउटरीच) नेहा वशिष्ठ, हिमानी, डॉ. रुचि होल्कर, शिवांगी एवं शिखा चौधरी का उल्लेखनीय योगदान रहा। उनके उत्कृष्ट समन्वय और टीम भावना के कारण यह समारोह अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली रहा।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। “हस्ता ला विस्टा” केवल एक विदाई नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास के साथ वैश्विक अवसरों की ओर बढ़ने की एक नई शुरुआत का प्रतीक बन गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here