तरुण आहुजा
नित्य संदेश, मेरठ। सेंट्रल मार्किट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चस्पा किए गए 15 दिन के नोटिस को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस बीच सेंट्रल मार्किट संघर्ष समिति ने कल 2 बजे तक बाजार बंद का आह्वान किया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सभी व्यापारी इस बंद में एकजुट दिखाई देंगे?
बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नोटिस लगाए गए हैं, जिसके बाद व्यापारियों ने इसे अपने अस्तित्व पर संकट बताया है। संघर्ष समिति का कहना है कि यदि सभी व्यापारी साथ आएंगे, तभी प्रभावी विरोध संभव है। हालांकि चर्चा का विषय यह भी है कि आज वेलेंटाइन डे भी है ! जिसके चलते क्या रेस्टोरेंट, कैफे और गिफ्ट शॉप संचालक भी इस बंद में सहयोग करेंगे? खासकर वैलेंटाइन डे के मौके पर, जब आमतौर पर बाजार में युवाओं की भीड़ और व्यापार में बढ़ोतरी देखने को मिलती है, ऐसे समय में बंद का असर कितना व्यापक रहेगा — यह देखने वाली बात होगी।
शास्त्री नगर क्षेत्र में संचालित दर्जनों कैफे और रेस्टोरेंट पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। क्या वे व्यापारिक एकजुटता दिखाएंगे या सामान्य रूप से अपना कारोबार जारी रखेंगे? अब यह स्पष्ट होगा कि बाजार बंद आंशिक रहेगा या पूर्ण रूप से सफल। व्यापारियों की एकता ही इस आंदोलन की दिशा और प्रभाव तय करेगी!
No comments:
Post a Comment