Breaking

Your Ads Here

Friday, January 2, 2026

संगीत बने भाकियू क्रांतिकारी के युवा जिला अध्यक्ष


संगठन ने तालाबों पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ भरी हुंकार

साजिद कुरेशी 
नित्य संदेश, सरधना। भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को ग्राम नाहली में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। 

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव राणा ने कहा कि भाकियू क्रांतिकारी हर जाति और वर्ग के सम्मान के साथ आम जनमानस की समस्याओं को मजबूती से उठा रहा है। उन्होंने हाल ही में सरधना की कालंद चुंगी पर सरकारी तालाब (खसरा नंबर 1877) पर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे का जिक्र करते हुए बताया कि संगठन के कड़े विरोध और एसडीएम को दिए गए ज्ञापन के बाद ही इस निर्माण कार्य को रुकवाया जा सका है। उन्होंने चिंता जताई कि क्षेत्र में भू-माफिया सक्रिय हैं और तालाबों का अस्तित्व खतरे में है, जिसके खिलाफ संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।

इसी दौरान संगठन का विस्तार करते हुए ग्राम नाहली निवासी संगीत सिंह सोम को युवा जिला अध्यक्ष (मेरठ) मनोनीत किया गया। उनके साथ ही नकुल सोम को युवा जिला महासचिव, संदीप सोम को जिला मंत्री और विकास सोम को युवा जिला सचिव (मेरठ) के पद पर नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया और एकजुट होकर किसानों व जनता के हितों की रक्षा का संकल्प लिया।
 
आज तहसील घेराव की तैयारी
भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) के तत्वावधान में भू-माफियाओं द्वारा तालाबों पर किए जा रहे अवैध कब्जों के विरोध में शनिवार दोपहर 12 बजे सरधना तहसील में अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। संगठन की ओर से सभी सदस्यों को ठीक 12 बजे तक अनिवार्य रूप से तहसील पहुंचने का आह्वान किया गया है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here