नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। जमीनी स्तर पर सामाजिक सेवाओं एवं शांति के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिल्ली की निशी कुलश्रेष्ठ को जुनू पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्व मानव दिवस के अवसर पर आयोजित वर्ल्ड ह्यूमन संगठन के 28वें वार्षिक अधिवेशन के दौरान 01 जनवरी 2026 को लखनऊ में प्रदान किया गया।
श्रीमती कुलश्रेष्ठ एक प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता, शांति कार्यकर्ता एवं महिला सशक्तिकरण की समर्थक हैं। उन्हें पूर्व में दिल्ली रत्न, भामाशाह पुरस्कार, एंबेसडर फॉर पीस, कायस्थ प्रतिभा सम्मान तथा महिला सशक्तिकरण पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उनके कार्यों में महिला सशक्तिकरण, जम्मू-कश्मीर के युद्ध पीड़ितों के लिए राहत कार्य तथा सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करना शामिल है। इस अवसर पर कोलंबिया, चीन, केन्या, न्यूज़ीलैंड और बुल्गारिया से पाँच अंतरराष्ट्रीय हस्तियों सहित कुल 13 विशिष्ट व्यक्तियों को अंतरराष्ट्रीय जुनू पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न राज्यों के लगभग 300 मेधावी बच्चों को राज्य जुनू पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया।
विश्व मानव दिवस की शुरुआत संगठन के संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष स्व. डॉ. रश्मि भूषण ‘जुनू’ द्वारा की गई थी। इस अवसर पर स्व. डॉ. रश्मि भूषण जुनू, स्व. प्रेम लता श्रीवास्तव एवं विश्व प्रसिद्ध लेखक एवं विचारक जॉन मिल्टन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विश्व मानव दिवस सभी जीव-जंतुओं की रक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समर्पित है।

No comments:
Post a Comment