Breaking

Your Ads Here

Sunday, January 4, 2026

सुभारती विश्वविद्यालय में हुआ लेट्स इंस्पायर बिहार का आगाज




सुभारती विश्वविद्यालय निभा रहा विकसित बिहार में अहम भूमिका: विकास वैभव

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ: स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ में बिहार डेवलपमेंट समिट 2026 – लेट्स इंस्पायर बिहार के लिए एक क्लस्टर मीट का आयोजन विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार के पुलिस महानिरीक्षक एवं लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के मुख्य संरक्षक आईपीएस अधिकारी विकास वैभव मुख्य अतिथि के रूप में तथा इस अभियान के मुख्य समन्वयक इंद्रमोहन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने सुभारती विश्वविद्यालय में अनुसंधान एवं विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।


अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के सम्मेलन कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की छात्रा एवं बिहार निवासी कुमारी वर्षा द्वारा किया गया, जिन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय और बिहार दोनों का प्रतिनिधित्व करते हुए कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन किया। यह उल्लेखनीय है कि लेट्स इंस्पायर बिहार एक स्वैच्छिक सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक पहल है, जिसकी स्थापना भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी विकास वैभव द्वारा की गई है। यह पहल शिक्षा, समानता और उद्यमिता के तीन स्तंभों के माध्यम से बिहार के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का लक्ष्य लेकर चल रही है। ज्ञान, वीरता और दूरदर्शी नेतृत्व की भूमि रहे बिहार की गौरवशाली विरासत से प्रेरित होकर यह अभियान समाज को उस विरासत से पुनः जोड़ने और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रहा है।


विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत बिहार के पुलिस महानिरीक्षक एवं लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के मुख्य संरक्षक आईपीएस अधिकारी विकास वैभव तथा इस अभियान के मुख्य समन्वयक इंद्रमोहन द्वारा विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. वैभव गोयल भारतीय एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर माँ सरस्वती की वंदना भी की गई। मुख्य अतिथि आईपीएस अधिकारी विकास वैभव एवं विशिष्ट अतिथि इंद्रमोहन का स्वागत अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. वैभव गोयल भारतीय द्वारा शॉल ओढ़ाकर, पौधा भेंट कर एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर किया गया।


कार्यक्रम का स्वागत भाषण अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के अतिरिक्त विभागाध्यक्ष डॉ. लुभान सिंह द्वारा दिया गया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक राम प्रकाश तिवारी द्वारा भोजपुरी भाषा में पारंपरिक स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। विश्वविद्यालय में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहीं व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. राखी झा तथा विश्वविद्यालय के बिहार छात्र कल्याण नोडल अधिकारी डॉ. अमित किशोर ने सुभारती विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों, शिक्षण कार्य में लगे शिक्षकों एवं बिहार के उत्थान में विश्वविद्यालय द्वारा दिए जा रहे योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।


मुख्य अतिथि आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम सुभारती विश्वविद्यालय को 22 जनवरी 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले बिहार डेवलपमेंट समिट के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि बिहार आर्थिक रूप से पिछड़ा रहा है, किंतु विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिहार का विकसित होना अत्यंत आवश्यक है। बिहार की अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना और शिक्षा जैसे विषयों पर लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत निरंतर विचार-विमर्श और कार्य किया जा रहा है।


मुख्य अतिथि ने कहा कि विकसित भारत और विकसित बिहार का सपना तभी साकार होगा, जब बिहार का प्रत्येक व्यक्ति सभी बंधनों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करेगा। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि जब संसाधनों की कमी थी, तब भी अखंड भारत का संचालन अफगानिस्तान तक बिहार से होता था और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से भी बड़ा नालंदा विश्वविद्यालय बिहार की भूमि पर स्थापित था। उन्होंने कहा कि परस्पर सहयोग की भावना से ही विकसित भारत का निर्माण संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका समझनी होगी। बिहार में विचारों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल योगदान देने की है। बिहार को बदलते हुए देखना ही उनका सपना है, जिसे उन्होंने नौवीं कक्षा में देखा था। आज भी बिहार में क्षमता है, बस सभी को अपना अंशदान देना होगा। राष्ट्र को विकसित करने में सभी की भूमिका है।


आईपीएस विकास वैभव ने सुभारती विश्वविद्यालय की आइडिया प्रयोगशाला का दौरा किया व मुक्तकंठ से इस दिशा में हो रहे प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि बिहार को विकसित बनाने में सुभारती विश्वविद्यालय बड़ी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है, क्योंकि यहां छात्रों के साथ-साथ प्राध्यापक भी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम में विशेष रूप से उन छात्रों की उपस्थिति रही, जिन्होंने हाल ही में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित अन्वेषण 2025 उत्तर क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और जो बिहार के ही निवासी हैं।


कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. वैभव गोयल भारतीय द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्य अतिथि आईपीएस विकास वैभव के नाम में ही विकास निहित है, उसी प्रकार लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के माध्यम से बिहार का विकास निश्चित है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से जुड़कर सुभारती विश्वविद्यालय स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। बिहार से शिक्षा से जुड़े विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र इस अभियान के माध्यम से बिहार के विकास हेतु अपना योगदान देने के लिए उत्साहित हैं।


कार्यक्रम में डॉ. वैभव गोयल भारतीय (निदेशक अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ), डॉ. लुभान सिंह (अतिरिक्त निदेशक अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ), डॉ. अनिरुद्ध श्रीवास्तव, डॉ. अमित किशोर (बिहार छात्र कल्याण नोडल अधिकारी सुभारती विश्वविद्यालय), डॉ. राखी झा (व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ की विभागाध्यक्षा), डॉ. एसके झा, डॉ. अंशुल, राजीव रंजन, डॉ. राजेश सिंह, अविजीत एवं राम प्रकाश तिवारी सहित अनेक शिक्षक, शोधकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here