* वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड के बाद इंडियन डेडलिफ्ट चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन, 54.5 किलो वजन उठाकर बढ़ाया मान
नित्य संदेश ब्यूरो
धौलाना। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आए हैं युवा पावरलिफ्टर अथर्व सिंह तोमर। बेहद कम उम्र में असाधारण ताकत का प्रदर्शन कर अथर्व ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे धौलाना क्षेत्र और जनपद हापुड़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
दिल्ली के एक्वा गार्डन, बुराड़ी में आयोजित वर्ल्ड क्लासिक ऑल इंडिया ओपन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में अथर्व ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया था। इसके बाद अब आईडीएफ (इंडियन डेडलिफ्ट फेडरेशन) की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 54.5 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाकर उन्होंने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली।
गौरतलब है कि इससे पहले 20 दिसंबर को अथर्व ने 53.5 किलोग्राम वजन उठाकर वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उस समय उनका स्वयं का वजन मात्र 23 किलोग्राम बताया गया। इतनी कम उम्र और कम शारीरिक वजन के बावजूद भारी वजन उठाना उनकी असाधारण शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और निरंतर कठिन अभ्यास को दर्शाता है।
खेल विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी कम अवधि में अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना आसान नहीं होता। मात्र 20 दिनों के भीतर अपने रिकॉर्ड से आगे निकलना यह प्रमाणित करता है कि अथर्व का प्रशिक्षण स्तर, अनुशासन और आत्मविश्वास निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है। उनकी यह उपलब्धि भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सफलता की ओर संकेत करती है।
अथर्व सिंह तोमर, गाजियाबाद गोल्फ लिंक निवासी प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. राहुल सिंह तोमर एवं डॉ. प्रियंका सिंह के पुत्र हैं। उनकी इस बड़ी सफलता का सीधा संबंध हापुड़ जनपद के धौलाना क्षेत्र से भी जुड़ा है।
डॉ. राहुल सिंह तोमर (एमडीएस)के पिता एवं अथर्व के दादा डॉ. प्रेमपाल सिंह तोमर, ग्राम सिखेड़ा (ब्लॉक धौलाना) के निवासी हैं। कस्बा धौलाना में डॉ. प्रेमपाल सिंह तोमर का पुराना और प्रतिष्ठित डेंटल क्लीनिक वर्षों से लोगों की सेवा करता आ रहा है और क्षेत्र में उनकी विशिष्ट पहचान है।
डॉ. प्रेमपाल सिंह तोमर के पोते अथर्व ने इस शानदार उपलब्धि से न केवल परिवार की प्रतिष्ठा बढ़ाई है, बल्कि अपने पैतृक जिला हापुड़ और धौलाना क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है। उपलब्धि की खबर मिलते ही धौलाना, सिखेड़ा और आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अथर्व और उनके परिवार को बधाइयां देना शुरू कर दिया है।
कम उम्र में लगातार रिकॉर्ड और राष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर अथर्व सिंह तोमर आज देश के युवाओं के लिए प्रेरणा, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत की मिसाल बनते जा रहे हैं।
No comments:
Post a Comment