Breaking

Your Ads Here

Saturday, December 13, 2025

व्यापार पर संकट, व्यापारियों का फूटा गुस्सा!


शुभकामना बैंक्वेट हॉल में गरजी व्यापारी एकता,16 दिसंबर को मौन जुलूस

तरुण आहुजा 
नित्य संदेश, मेरठ। शहर के व्यापार पर मंडरा रहे संकट के बीच शुभकामना बैंक्वेट हॉल उस समय गूंज उठा, जब व्यापार बचाओ संघर्ष समिति मेरठ की अहम बैठक में शास्त्री नगर और जागृति विहार के सैकड़ों व्यापारी एक मंच पर एकजुट नजर आए। माहौल पूरी तरह से जोश, आक्रोश और संघर्ष के संकल्प से भरा रहा।

बैठक में विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अब चुप बैठने का वक्त खत्म हो चुका है। व्यापारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि चाहे कैसा भी संघर्ष क्यों न करना पड़े, किसी भी व्यापारी को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।

👉 पोस्टकार्ड से पहुंचेगी आवाज मुख्यमंत्री तक
बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए तय किया गया कि व्यापारी, उनके परिवारजन, कर्मचारी और ग्राहक मिलकर पोस्टकार्ड अभियान चलाएंगे। पोस्टकार्ड के जरिए माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से व्यापार बचाने की सीधी गुहार लगाई जाएगी, ताकि सरकार तक जमीनी सच्चाई पहुंचे।

👉 16 दिसंबर को मौन जुलूस, शहर को मिलेगा सख्त संदेश
व्यापारियों ने ऐलान किया कि 16 दिसंबर (सोमवार) शाम 6.00 बजे नई सड़क से होते हुए सेंट्रल मार्केट और फिर सेक्टर–2 मार्केट तक एक मौन जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस शांत जरूर होगा, लेकिन सरकार के लिए इसका संदेश बेहद तेज और स्पष्ट होगा। इस मौन जुलूस में शास्त्री नगर और जागृति विहार के सभी व्यापारी अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।

👉 एकता ही सबसे बड़ी ताकत
बैठक के दौरान बार-बार यह बात दोहराई गई कि व्यापारी की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता है। वक्ताओं ने कहा कि अगर आज व्यापारी एकजुट नहीं हुआ, तो आने वाला कल और भी कठिन होगा।

अंत में “व्यापारी एकता जिंदाबाद, व्यापार बचाओ” के गगनभेदी नारों के साथ बैठक का समापन किया गया। अब साफ है कि मेरठ का व्यापारी आर-पार की लड़ाई के मूड में है और आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज हो सकता है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here